बंद होगा 101 रक्षा उपकरणों का आयात, ये देश में ही तैयार होंगे

बंद होगा 101 रक्षा उपकरणों का आयात, ये देश में ही  तैयार होंगे

नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘आत्मनिर्भर भारत’ के तहत रविवार को बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि देश में रक्षा उपकरणों का उत्पादन बढ़ाने के लिए 101 उपकरणों के आयात पर रोक लगाई जाएगी। इनमें हल्के लड़ाकू हेलिकॉप्टर, मालवाहक विमान, पनडुब्बियां और क्रूज मिसाइल शामिल हैं। रक्षा मंत्रालय ने इसकी लिस्ट जारी की है। जिन उपकरणों का आयात बंद होगा, उन्हें देश में ही तैयार किया जाएगा। मंत्रालय ने 2020-21 के कैपिटल प्रोक्योरमेंट बजट में घरेलू और विदेशी कैपिटल प्रोक्योरमेंट के लिए भी बंटवारा कर दिया है। चालू वित्त वर्ष में घरेलू खरीद के लिए 52 हजार करोड़ रुपए का अलग बजट बनाया गया है। 101 रक्षा उपकरणों के आयात पर लगे प्रतिबंध के चलते अगले 5 से 7 साल में घरेलू उद्योग में लगभग 4 लाख करोड़ रुपए के अनुबंध होने का अनुमान है। इसमें से सेना और वायु सेना के लिए लगभग 1.3 लाख करोड़ रुपए के उपकरण और 1.4 लाख करोड़ रुपए के उपकरण नौसेना के लिए होंगे।

आत्मनिर्भर भारत के लिए मोदी 15 अगस्त को लाएंगे नई योजना

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में आत्मनिर्भर भारत के लिए एक नई रूपरेखा प्रस्तुत करेंगे । यह जानकारी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी। उन्होंने कहा कि सभी विभाग और मंत्रालय आत्मनिर्भर भारत की मोदी की पहल के क्रियान्वयन के प्रति गंभीरता से काम कर रहे हैं और यह स्वदेशी पर महात्मा गांधी के जोर को एक नया आयाम देने की कोशिश है। सिंह ने स्वतंत्रता सेनानी एवं क्रांतिकारी उधम सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित एक आनलाइन कार्यक्रम में यह कहा। उन्होंने कहा कि कोरोना ने दिखाया कि यदि कोई देश आत्मनिर्भर नहीं है तो वह संप्रभुता का प्रभावी तरीके से हिफाजत करने में सक्षम नहीं है।