एनवीडीए की छह योजनाओं पर खर्च होंगे 12 हजार करोड़

एनवीडीए की छह योजनाओं पर खर्च होंगे 12 हजार करोड़

भोपाल। प्रदेश में नर्मदा जल के अधिकतम उपयोग के लिए इस साल शिवराज सरकार छह योजनाओं पर 12 हजार 279 करोड़ रुपए खर्च करेगी। इसके लिए नर्मदा घाटी विकास विभाग के बजट में एक नई मद जोड़ी गई है। इन योजनाओं से 3 लाख 85 हजार 839 हेक्टेयर अतिरिक्त क्षेत्र में सिंचाई क्षमता निर्मित होगी। इन सिंचाई परियोजनाओं से 50 मेगावाट जल विद्युत का उत्पादन होगा। नर्मदा न्यायाधिकरण के अवार्ड के अनुसार निर्धारित नर्मदा जल का वर्ष 2024 तक प्रदेश में उपयोग किया जाना है। नर्मदा के पानी का समय-सीमा में अधिकतम उपयोग करने के लिए राज्य सरकार ने यह छह नई परियोजनाएं तैयार की हैं। इन परियोजनाओं के लिए बजट की व्यवस्था नर्मदा घाटी विकास विभाग के उपलब्ध बजट से की जाएगी। इसके लिए बजट में भी अलग से प्रावधान किया गया है।