शिवराज कैबिनेट में 14 नए चेहरों को मौका, 8 पूर्व मंत्रियों के नाम कटे

शिवराज कैबिनेट में 14 नए चेहरों को मौका, 8 पूर्व मंत्रियों के नाम कटे

भोपाल। लंबे इंतजार और कड़ी मशक्कत के बाद अंतत: गुरुवार को शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है। कार्यवाहक राज्यपाल आनंदी बेन पटेल सुबह 11 बजे राजभवन में सादे समारोह में 25 से 28 मंत्रियों को शपथ दिलाएंगी। भाजपा के कोटे से 16 से 17, ज्योतिरादित्य सिंधिया कोटे से 8 और कांग्रेस से बगावत कर भाजपा में शामिल तीन लोग मंत्री बनेंगे। इनमें 14 ऐसे चेहरे हैं, जो पहली बार मंत्री बनेंगे। जातीय, क्षेत्रीय और उपचुनाव के समीकरणों को देखते हुए 8 पूर्व वरिष्ठ मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया जा रहा है। इन नामों को लेकर ही लंबे समय से गतिरोध बना हुआ था। इसके लिए केंद्रीय नेतृत्व को हस्तक्षेप करना पड़ा। इन्हें केंद्रीय नेतृत्व का फरमान सुना दिया गया है। कहा गया है कि नए विधायकों को मंत्री बनने का मौका मिलने दें। हालांकि, मंत्रिमंडल शपथ से ऐनवक्त पहले एक या दो नामों में बदलाव हो सकता है।