24 ग्रहों में जीवन की संभावना धरती से भी बेहतर

24 ग्रहों में जीवन की संभावना धरती से भी बेहतर

वॉशिंगटन। वैज्ञानिकों का मानना है कि हमारे ब्रह्मांड में ऐसे और भी ग्रह हो सकते हैं, जहां जीवन की संभावनाएं धरती से बेहतर हैं। इन ग्रहों को सुपर-हैबिटेबल प्लेनेट कहा जा सकता है। वैज्ञानिकों का मानना है कि जीवन की बेहतर संभावना वाले इन ग्रहों को नजरंदाज नहीं करना चाहिए। शोधकर्ताओं का मानना है कि ऐसे और भी ग्रह हो सकते हैं जहां जीवन के लिए पृथ्वी जैसी या इससे भी बेहतर स्थिति मिल सकती है। वॉशिंगटन स्टेट यूनिवर्सिटी और बर्लिन की टेक्निकल यूनिवर्सिटी के एस्ट्रोबायोलॉजिस्ट डर्क शुल्ज- मकुच का कहना है कि हमारा फोकस, बिल्कुल पृथ्वी जैसी संभावना वाले ग्रह खोजने पर है। ऐसे में हो सकता है हमारी नजरों से वे ग्रह छूट जाएं जहां जीवन की संभावनाएं पृथ्वी से ज़्यादा बेहतर हों। कुल मिलाकर, शुल्ज-माकुच और उनकी टीम ने 24 सुपर हैबिटेबल ग्रहों की पहचान की है।

500 से 800 करोड़ साल पुराने ग्रहों पर जीवन संभव

शोधकर्ताओं का कहना है कि पृथ्वी करीब 450 करोड़ साल पुरानी है, इसलिए जीवन के लिए ज्यादा बेहतर स्थिति की संभावना ऐसे ग्रहों पर हो सकती है जिनका जीवनकाल 500 से 800 करोड़ साल हो। शोधकर्ताओं का यह भी मानना है कि किसी ग्रह का आकार और द्रव्यमान भी उस ग्रह पर जीवन की संभावना को प्रभावित कर सकते हैं। चट्टान वाला ऐसा ग्रह जो पृथ्वी से बड़ा हो, उसकी सतह पर जीवन की बेहतर और ज्यादा संभावना होगी।