71 सांसदों की संपत्ति में 286फीसदी का उछाल, इनमें मध्यप्रदेश के पांच

71 सांसदों की संपत्ति में 286फीसदी का उछाल, इनमें मध्यप्रदेश के पांच

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव-2024 से एक वर्ष पहले एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने एक रिपोर्ट में खुलासा किया है कि 2009 से 2019 के लोकसभा चुनावों के बीच लगातार तीन बार चुने गए 71 सांसदों की औसत संपत्ति 286 फीसदी बढ़ी है। इनमें प्रति सांसद की संपत्ति में औसतन 17.59 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है। इसमें मध्यप्रदेश के पांच सांसद भी शामिल हैं। इनकी संपत्ति में भी बड़ा उछाल आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2009 में निर्दलीय सहित विभिन्न दलों द्वारा मैदान में उतारे गए इन 71 दोबारा निर्वाचित सांसदों की औसत संपत्ति 6.15 करोड़ रुपए थी। लेकिन, 2014 में दोबारा चुने गए इन सांसदों की औसत संपत्ति बढ़कर 16.23 करोड़ रुपए हो गई। 2019 की बात करें तो 71 सांसदों की औसत संपत्ति 23.75 करोड़ रुपए हो गई। सांसदों की संपत्ति सबसे ज्यादा बढ़ी है उनमें भाजपा के छह सांसद हैं। एनसीपी, शिरोमणि अकाली दल, बीजद और एआईयूडीएफ से एक-एक सांसद टॉप-10 में शामिल हैं। इस सूची में सर्वाधिक सांसद 43 भाजपा से हैं, जिनकी संपत्ति बढ़ी है।

सबसे ज्यादा हरसिमरत कौर की संपत्ति बढ़ी

सबसे आगे बठिंडा सीट से शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल हैं। 10 साल में पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत की संपत्ति में सबसे ज्यादा 157.68 करोड़ रुपए की वृद्धि हुई है। 2009 में हरसिमरत की संपत्ति 60.31 करोड़ रुपए थी, जो 2019 में 217.99 करोड़ रुपए हो गई। इस सूची में दूसरा नाम शरद पवार की बेटी और बारामती सीट से एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले का आता है। सुले की संपत्ति 2009 में 51.53 करोड़ रुपए थी।

10 साल में 1124 फीसदी बढ़ी वरुण की संपत्ति

केंद्र की सत्ताधारी भाजपा के सांसदों में सबसे ज्यादा संपत्ति वृद्धि पीसी मोहन की हुई है। 2009 में कर्नाटक बेंगलुरू से सांसद मोहन की संपत्ति पांच करोड़ थी, जो 2019 में बढ़कर 75 करोड़ हो गई। टॉप-10 में पीलीभीत से भाजपा सांसद वरुण गांधी का भी नाम है। 2009 में वरुण की संपत्ति 4.92 करोड़ थी जो 2019 में बढ़कर 60.32 करोड़ हो गई है। उनकी संपत्ति में 1124 फीसदी का इजाफा हुआ है।

भाजपा सांसदों की संपत्ति में हुआ जोरदार इजाफा

लगातार तीन बार निर्वाचित सांसदों की औसत संपत्ति में वृद्धि के मामले में भाजपा सांसदों की संपत्ति औसतन 15 करोड़ बढ़ी है। 2009 में इनकी औसत संपत्ति चार करोड़ थी, जो 2019 में बढ़कर 20 करोड़ हो गई। इस मामले में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस है, इसके 10 सांसदों की संपत्ति में औसतन 10 करोड़ की बढ़ोतरी हुई है।