5 राज्यों में 50 की मौत; मंडी में मां के सीने से लिपटा मिला बच्चों का शव

5 राज्यों में 50 की मौत; मंडी में मां के सीने से लिपटा मिला बच्चों का शव

देश के कई राज्यों में हुई मूसलाधार बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन की वजह से अब तक 50 लोगों की जान जा चुकी है। जो मौतें हुई हैं, उनमें से ज्यादातर लोग हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और ओडिशा के हैं। सबसे ज्यादा 22 मौतें हिमाचल प्रदेश में हुई हैं। शनिवार को यहां के मंडी जिले में बारिश के बाद मकान ढहने से एक ही परिवार के 8 लोग मलबे में दब गए थे। इनके शव मलबे निकाले गए तो वहां का दृश्य देख सभी का कलेज कांप गया। बेड पर मृत पड़ी मां बच्चों को सीने से लगाए हुई थी। काशन इलाके में जब परिवार पर कहर टूटा तो चारों ओर लैंडस्लाइड होने के कारण रेस्क्यू टीम समय पर उन तक नहीं पहुंच पाई थी। गांव वालों ने भी परिवार को बचाने की कोशिश की। लेकिन कोई भी उन्हें नहीं बचा पाया। मृतकों में गांव के प्रधान खेम सिंह और उनके छोटे भाई का परिवार शामिल है। जानकारी के मुताबिक, तेज बारिश के कारण उनके घर पर मलबा गिर गया था, इससे घर के 8 लोग मलबे में दफन हो गए थे। मंडी में भारी बारिश के और भूस्खलन के बाद लापता हुए 5 लोगों का रविवार को भी पता नहीं चल सका। प्रमुख सचिव (राजस्व) आोंकार शर्मा ने कहा कि प्रभावित जिलों को 232.31 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है। कांगड़ा के चक्की नदी पर बने रेलवे पुल के ढहने की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।

ओडिशा : महानदी क्षेत्र से लोगों को निकालने का काम तेज

वजह : झारखंड के गलुडीह बैराज से पानी छोड़े जाने की वजह से ओडिशा की नदियां उफना।

58 टीमें मयूरभंज और बालासोर जिलों में रेस्क्यू आपरेशन में जुटीं।

763 गांवों में फंसे हैं 5 लाख से ज्यादा लोग। कुल 7 लाख प्रभावित।

06 लोगों की मौत हो चुकी है पिछले दो दिनों में बारिश जनित घटनाओं में।

पाक-अफगानिस्तान में भी दर्जनों की मौत

इस्लामाबाद। पूर्वी अफगानिस्तान और इससे लगते पाकिस्तान के इलाकों में भारी बारिश की वजह से शनिवार रात आई बाढ़ में दर्जनों लोगों की मौत हो गई। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के दक्षिण स्थित लोगार प्रांत के खुशी जिले का एक वीडियो आया है, जिसमें ग्रामीण बाढ़ के बाद के क्षतिग्रस्त घरों को साफ करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, यहां कितने लोगों की मौत हुई है, उनका आंकड़ा नहीं आया है। वहीं, पाकिस्तान के प्राकृतिक आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि देश में मानसूनी बारिश से आई बाढ़ की वजह से कम से कम 36 लोगों की मौत हुई है। इनमें 11 अफगानिस्तान से लगते सीमावर्ती इलाकों के लोग हैं।