राजधानी में पर्यटन के एग्जीक्यूटिव समेत 62 नए पॉजिटिव, एक की मौत

भोपाल। राजधानी में बुधवार को 62 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। इनमें पर्यटन विभाग के एक मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव शामिल हैं। वह न्यूमार्केट स्थित होटल पलाश में खाना बनवाने से लेकर खाना वितरण तक की व्यवस्था देख रहे थे। मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव के संक्रमित होने से होटल पलाश, पर्यटन मुख्यालय और मिंटो हॉल में हड़कंप मच गया है। तत्काल तीनों जगह को सेनेटाइज कर दिया गया है। होटल में खाना बनवाना बंद कर दिया गया है। साथ ही उनके संपर्क में आने वाले करीब 55 लोगों की जांच कर सैंपल लिए गए हैं और सभी को होम क्वारेंटाइन कर दिया गया है। इनमें पर्यटन विकास निगम के रीजनल मैनेजर, जिला प्रशासन, एनआरएचएम, पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा दो खाद्य सुरक्षा अधिकारी भी शामिल है। होटल पलाश में 5000 से अधिक लोगों के लिए खाना बनाया जा रहा था। यह खाना सभी क्वारेंटाइन सेंटरों सहित अन्य जगह सप्लाई हो रहा था। इसके अतिरिक्त गांधी मेडिकल कॉलेज कैम्पस के नाइट शेल्टर में रात गुजारने वाले मरीजों के परिजन में से चार कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिले में अब तक 1728 कोरोना के मरीज हो गए हैं। इधर बुधवार को 35 मरीज स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हुए हैं। उधर, शहर में एक कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत भी हुई है। अब तक यहां 61 मौतें हो चुकी हैं।