नॉर्थ कोरिया में 653 गोलियां चोरी हुई, पूरे शहर में लगा लॉकडाउन

नॉर्थ कोरिया में 653 गोलियां चोरी हुई, पूरे शहर में लगा लॉकडाउन

प्योंगयांग। उत्तर कोरिया में किम जोंग उन ने बंदूक के बुलेट्स के गायब हो जाने के बाद पूरे शहर को बंद करने का आदेश दे दिया है। जानकारी के मुताबिक कुछ समय पहले एक सैन्य वापसी के दौरान 653 गोलियां गायब हो गई थीं। इसे ढूंढ़ने के लिए पूरे शहर में लॉकडाउन लगाने का फैसला किया गया है। सरकार का सख्त आदेश है कि जब तक सारी गोलियां नहीं मिल जाती हैं, तब तक शहर में लॉकडाउन लगा रहेगा। पुलिस और सेना दोनों मिलकर ही इसे ढूंढ रही हैं। मगर 10 दिन बीत जाने के बाद भी अब तक ये गोलियां बरामद नहीं हो पाई हैं। यह घटना उत्तरी इलाके रियांगगैंग के हेसन शहर में में हुई है। इस शहर की आबादी लगभग 2 लाख है। 17 मार्च को कोरियाई पीपुल्स आर्मी 7वीं बटालियन इस इलाके से वापस लौटी थी। 7वीं बटालियन को कोविड-19 महामारी की शुरुआत में चीनी सीमा बंद करने के लिए 2020 में ही तैनात किया गया था। कोराना संकट समाप्त होने के बाद सेना को वापस बुलाया गया। इसी दौरान बुलेट्स के गायब होने की घटना घटी। ऐसा दावा किया गया कि ये बुलेट्स हेसन में ही गायब हुए हैं। इसके चलते सेना हर घर की तलाशी ले रही है।