80 करोड़ लोगों को दिवाली और छठ तक मिलेगा मुफ्त राशन : मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को ऐलान किया कि ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना’ का विस्तार नवंबर के आखिर तक कर दिया गया है। इससे दिवाली और छठ तक 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिलेगा। राष्ट्र के नाम संबोधन में मोदी ने कहा कि इस योजना के विस्तार में 90 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च होंगे। अगर इसमें पिछले तीन महीने का खर्च भी जोड़ दिया जाए तो ये करीब-करीब डेढ़ लाख करोड़ रुपए हो जाता है। जुलाई से त्योहारों का माहौल बनने लगता है। लोगों की जरूरतें और खर्चे दोनों ही बढ़ जाते हैं। ‘इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का विस्तार किया गया है। छठ तक योजना के विस्तार को बिहार चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।