कई ब्रह्मांडों में सफर का रोमांच महसूस करने का मौका

कई ब्रह्मांडों में सफर का रोमांच महसूस करने का मौका

जब एक रहस्यमयी शक्ति शहर पर कहर बरपा रही है, डॉक्टर स्टीफन स्ट्रेंज और वोंग एक लड़की को बचा रहे हैं, जो कई ब्रह्मांडों (यूनिवर्स) यानी मल्टीवर्स में सफर कर सकती है। लेकिन उसे बचाने का मतलब कुछ ऐसे अंजाम को भुगतना है, जिसके लिए डॉ. स्ट्रेंज या वोंग तैयार नहीं हैं।

फिल्म की कहानी: डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स आफ मैडनेस की शुरुआत डॉक्टर स्ट्रेंज की प्रेमिका क्रिस्टीन पामर (राशेल मैकएडम्स) की शादी से होती है। वह डॉक्टर स्ट्रेंज के एक फैन से विवाह कर रही है और तभी बाहर हंगामा खड़ा हो जाता है। किशोरवय की अमेरिका शावेज (जोचीतल गोमेज) पर एक आक्टोपस-राक्षस हमला करके उसका अपहरण करना चाहता है। डॉक्टर स्ट्रेंज और वोंग (बेनेडिक्ट वोंग) उसे इस राक्षस से बचाते हैं और तब पता चलता है शावेज साधारण लड़की नहीं है, उसके पास अनोखी शक्ति है। वह एक ब्रह्मांड से दूसरे ब्रह्मांड में न केवल खुद जा सकती है, बल्कि किसी और को भी पहुंचा सकती है। कोई उसकी यह शक्ति छीनना चाहता है। कौन है वह और क्यों वह शावेज की शक्ति हासिल करना चाहता है, जैसे ही इस सवाल का जवाब मिलता है, कहानी नई रोचक पगडंडियों की तरफ बढ़ जाती है।

बात एक्टिंग की: वांडा उर्फ स्कारलेट विच के किरदार में एलिजाबेथ ओल्सेन एक बार फिर बेहतरीन लगी हैं। वोंग के किरदार में बेनेडिक्ट वोंग और क्रिस्टीन पामर के रोल में राहेल मैकएडम्स ने भी बढ़िया काम किया है। जोचिटल गोमेज ने उस टीनएज लड़की का किरदार निभाया है, जो मल्टीवर्स की यात्रा कर सकती है। गोमेच इसमें जंचती हैं। वहीं स्पेशल इफेक्ट्स व रंगों का बखूबी इस्तेमाल किया गया है।