अयोध्या की तर्ज पर बने 300 वर्ष प्राचीन खातीपुरा श्रीराम मंदिर का मनेगा भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव

अयोध्या की तर्ज पर बने 300 वर्ष प्राचीन खातीपुरा श्रीराम मंदिर का मनेगा भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव

इंदौर। शहर में अयोध्या की तर्ज पर बने 300 वर्ष प्राचीन श्रीराम मंदिर, खातीपुरा का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 27 जनवरी से आयोजित किया जा रहा है, जिसकी तैयारियों को लेकर मंदिर परिसर में एक बड़ी बैठक आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में अलग-अलग समाजों के प्रतिनिधि भक्तगण सम्मिलित हुए। बैठक में खातीपुरा श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए पंचकुइया पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर रामगोपालदास महाराज के सान्निध्य में सभी भक्तों ने एकजुटता के साथ संकल्प लिया। बैठक में यात्रा को लेकर कई समाजों के प्रतिनिधि और भक्तों ने अलग-अलग सुझाव दिए। बैठक में कई निर्णय भी लिए गए।

पंचकुइया पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर रामगोपालदास महाराज, मुख्य यजमान अशोक बिदासरिया ने बताया कि अयोध्या की तर्ज पर खातीपुरा में बने श्रीराम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 27 जनवरी से 2 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा जगद्गुरु द्वारकाचार्य मलूक पीठाधीश्वर डॉ. राजेंद्रदास देवाचार्य महाराज के मुखारविंद से अभय प्रशाल में होगी।

इसमें हजारों भक्तो के साथ ही देशभर के साधु संत भी सम्मिलित होंगे। इसकी तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई, जिसमें यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए संकल्प लिया गया। बैठक में कई समितियों का गठन किया। मुख्य यजमान अशोक बिदासरिया और मुख्य संयोजक विधायक रमेश मेंदोला रहेंगे। बैठक में 27 जनवरी को निकलने वाली कलश यात्रा का मार्ग निर्धारित किया गया। बैठक में मौजूद अलग-अलग समाजों के प्रतिनिधियों ने यात्रा का स्वागत करने के लिए विभिन्न जगहों पर मंच लगाने की बात कही।

बैठक को पंचकुइया पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर रामगोपालदास महाराज ने संबोधित करते हुए कहा कि अयोध्या की तर्ज पर बने खातीपुरा श्रीराम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव भी अयोध्या की तर्ज पर मनेगा। यह महोत्सव अद्भुत और ऐतिहासिक रहेगा। इसे अविस्मरणीय बनाएंगे। बैठक को मुख्य यजमान अशोक बिदासरिया ने भी संबोधित किया।