ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नाबा किशोर दास को एएसआई ने सीने में मारी गोली

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नाबा किशोर दास को एएसआई ने सीने में मारी गोली

भुवनेश्वर। ओडिशा के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री और झारसुगुड़ा के विधायक नाबा किशोर दास को रविवार को एक पुलिसकर्मी ने जनसभा में जाने के दौरान गोली मार दी। एएसआई गोपाल दास ने करीब से मंत्री पर छह राउंड फायर किए, जिसमें से एक गोली सीने में लगी है। आनन-फानन में दास को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रहा है। घटना दोपहर करीब सवा 12 बजे झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर में गांधी चौक पर हुई। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंत्री के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए मामले की जांच क्राइम ब्रांच से कराने का निर्देश दिया है। हालांकि, फायरिंग के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिसकर्मी से पूछताछ जारी है। स्वास्थ्य मंत्री पर फायरिंग की घटना के बाद बीजद कार्यकर्ताओं के धरने पर बैठने से मौके पर तनाव व्याप्त है।

सरकारी रिवॉल्वर से मारी गोली

इस मामले पर ब्रजराजनगर के एसडीपीओ गुप्तेश्वर भोई ने कहा कि आरोपी गांधी चौक पुलिस अधिकारी गोपाल दास को गिरफ्तार कर लिया गया है। एएसआई ने सरकारी रिवॉल्वर से गोली मारी है। भोई ने बताया कि आरोपी ने वाहन से बाहर निकलते ही मंत्री पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मी ने 6 राउंड गोली चलाई थी, जिसमें एक गोली उनके सीने में लगी है। हत्या की वजह साफ नहीं है। आरोपी से पूछताछ जारी है।