पाक में एक हिंदू लड़की पर तेजाब फेंका, दूसरी अगवा

पाक में एक हिंदू लड़की पर तेजाब फेंका, दूसरी अगवा

नई दिल्ली। पाकिस्तान में हिंदुओं और सिखों पर अत्याचार हो रहा है. उनकी नाबालिग लड़कियों को निशाना बनाया जा रहा है। सिंध में रहने वाली एक हिंदू लड़की सुनीता मुनव्वर के चेहरे पर तेजाब फेंककर जला दिया गया। वहीं, सपना नाम की हिंदू लड़की को पाकिस्तान के मीरपुरखास शहर से अगवा किया गया है। पुलिस में शिकायत करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला है। तेजाब के हमले में सुनीता गंभीर रूप से झुलसी है। इस घटना में उसकी दाईं आंख की दृष्टि चली गई। उसके चेहरे और दोनों हाथ तेजाब की वजह से गंभीर रूप से झुलस गए हैं। वारदात के बाद पीड़िता को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं है। कराची के एरिया मजिस्ट्रेट ने उसके बयान दर्ज किए हैं।

लगातार बढ़ रही हैं घटनाएं

पाकिस्तान में हिंदू बेटियों के साथ लगातार इस प्रकार की घटनाएं हो रही हैं। हिंदू और सिख युवतियों को अगवा कर जबरन उनके साथ निकाह करते हैं। इसके बाद लड़कियों को इस्लाम कुबूल करवाकर उनका धर्म परिवर्तन करते हैं।

छेड़खानी का विरोध करने पर कामरान ने फेंका तेजाब

सुनीता के अनुसार, उसे मुस्लिम युवक कामरान परेशान कर रहा था। वह छेड़छाड़ करता था और अभद्रता करता था। उसने कामरान के परिवार से इस बारे में शिकायत की थी। इस बात से गुस्साए कामरान ने बदला लेने के लिए सुनीता पर तेजाब फेंक दिया। वारदात को उस वक्त अंजाम दिया गया, जब वह नौकरी करके वापस घर लौट रही थी। कराची के बस स्टैंड पर जब वह बैठी थी, तभी कामरान ने तेजाब फेंक कर उसका चेहरा जला दिया। इसके बाद सुनीता को अस्पताल में दाखिल करवाया गया।

केस दर्ज किया, लेकिन गिरफ्तारी नहीं : पीड़िता के परिवार की ओर से शिकायत करने के बाद कामरान के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मगर, अभी तक उसे गिरफ्तार नहीं किया गया।

अपहरण के बाद से सुनीता का नहीं लगा कोई सुराग : एक अन्य घटना में मीरपुरखास से युवकों ने 16 साल की हिंदू लड़की सपना को अगवा कर लिया है। सपना का अपहरण उस वक्त हुआ, जब वह मीरपुरखास डाकखाने से लौट रही थी। पुलिस को सूचित करने के बाद भी सपना का कोई सुराग नहीं लग सका।