सालभर में भी नहीं हो पाई जेल अधीक्षक पर कार्रवाई

सालभर में भी नहीं हो पाई जेल अधीक्षक पर कार्रवाई

भोपाल। ‘उज्जैन जेल में कैदियों को स्तरहीन खाना दिया जा रहा है, मानव अधिकारों का घोर उल्लंघन हो रहा है, स्थिति बेहद चिंताजनक है। कैदियों को अवैध वसूली के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है, मादक पदार्थ कैदियों तक पहुंचाए जाते हैं। प्रहरियों में प्रताड़ना के कारण असुरक्षा और डर है। तत्काल जेल अधीक्षक को हटाते हुए कार्रवाई की जाए।’ यह उन डीओ लेटर के अंश हैं, जो जेल महानिदेशक, एसीएस से लेकर मानव अधिकार आयोग को कलेक्टर उज्जैन से लेकर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी उज्जैन तक ने लिखे हैं। इनमें उज्जैन जेल की प्रभारी अधीक्षक ऊषा राजे के खिलाफ कैदियों को दिए जाने वाले खाने से लेकर अवैध वसूली और प्रहरियों को प्रताड़ित करने के दर्जनों मामलों में तत्काल कार्रवाई के लिए जेल मुख्यालय को लिखा गया है। ज्ञात हो कि होशंगाबाद जेल में समय से पहले ही तीन कैदियों को रिहा करने के मामले में दंडित होने के बाद भी केंद्रीय जेल उज्जैन का प्रभारी अधीक्षक बनाया गया। तीसरी बार कार्रवाई का प्रस्ताव: डीजी जेल ने कई मामलों में गड़बड़ी और संलिप्तता के बाद ऊषा राजे का प्रभार हटाने के साथ ही मुख्यालय अटैच करने के लिए जेल विभाग को लिखा। बावजूद दो बार कार्रवाई का प्रस्ताव मंत्रालय में ही दबा दिया गया। अब बीते शुक्रवार को तीसरी बार तत्काल कार्रवाई का प्रस्ताव है।

सीधी बात अरविंद कुमार, डीजी, जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं

???? क्या कलेक्टर, सीजेएम , एएसजे ने कार्रवाई के लिए लिखा है? -प्रभारी जेल अधीक्षक उज्जैन ऊषा राजे के खिलाफ कलेक्टर और सीजेएम उज्जैन के साथ ही अन्य माध्यमों से निरीक्षण टीप सहित कार्रवाई की संस्तुति मिली है। ???? क्या कारण है कि करीब सालभर बाद भी कार्रवाई नहीं हो पा रही है? -यह सभी तथ्य हमारे संज्ञान में हैं, परीक्षण हो चुका है। जल्द ही समुचित कार्रवाई होगी।

अब तक यह होता रहा

????11 फरवरी 22-अपर सत्र न्यायाधीश ने चोरी के आरोपी का वारंट पेश नहीं करने, अवमानना के नोटिस के बाद भी हाजिर नहीं होने पर कार्रवाई का आदेश दिया।

????10 मार्च 2022- 46 बंदियों को पैरोल पर छोड़ने में 10 घंटे लगाए। 1500 रुपए प्रति बंदी देने के बाद ही छोड़ने का आरोप लगा।

????15 मार्च 2022-कलेक्टर की जनसुनवाई में दो दर्जन प्रहरियों ने मादक पदार्थों की जेल में बिक्री और कैदियो को सुविधा देकर वसूली नहीं करने पर प्रताड़ना के आरोप लगाए।

????25 मार्च 2022-कलेक्टर आशीष सिंह ने जेल मुख्यालय को लिखे डीओ लेटर में ऊषा राजे के कारनामों की फेहरिस्त गिनाते तत्काल कार्रवाई के लिए लिखा।

????13 मई और 2 जून 2022- सीजेएमराजेंद्र सिंह सिंगार ने जेल के निरीक्षण के बाद लिखा, प्रभारी जेल अधीक्षक ऊषा राजे नहीं मिलीं।

????2 जुलाई 2022-सीजेएम ने डीजी जेल, एसीएस जेल, मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार जैन को लिखा।

????5 जुलाई 2022-जेल निरीक्षण में 120 जर्दा के पैकेट मिले, जोकि कैदियों को बेचे जाते थे।

????22 जुलाई 2022-जेल अधीक्षक ने प्रहरी सनी गहलोत को गालियां व धमकी दी। थाना भैरवगढ़ में 22 जुलाई को रिपोर्ट की गई।