फर्जी निकली फिर एक लूट की कहानी...! आरोपी घराए

इंदौर। युवक की हत्या का प्रयास करते हुए दो बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। आरोपी उस पर पुलिस को मुखबिरी कर रुपए कमाने का आरोप लगा रहे थे। पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्त में लिया है। इधर, घायल और पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया था कि महज मारपीट ही नहीं, उसके साथ लूट की गई। हालांकि लूट की कहानी पुलिस की जांच में फर्जी निकली है। परदेशीपुरा टीआई के अनुसार आशीष ठाकुर निवासी स्कीम-138 की रिपोर्ट पर महेंद्र ठाकुर, मोनू ठाकुर दोनों निवासी सर्वहारा नगर के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि शिव मंदिर के पास से आशीष जा रहा था, तभी आरोपियों ने उसे रोका और कहा कि तू पुलिस का मुखबिर है और पैसा भी बहुत कमा लिया है। महेंद्र ने उसके सीने पर चाकू के तीन-चार वार किए।
आशीष ने पुलिस को यह बताया था कि आरोपी डेढ़ लाख रुपए लूटे गए हैं और इनके साथ एक महिला रेखा बाई भी शामिल है। पुलिस ने जब इसकी जांच की तो लूट की कहानी फर्जी निकली और मारपीट का जिक्र जरूर सामने आया है। कहानी में महिला का भी कोई किरदार सामने नहीं आया है। जांच के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया है।
यहां भी चाकूबाजी
इसी प्रकार एमजी रोड पुलिस ने भाव्यांश यादव की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। अज्ञात बदमाश ने सिख मोहल्ला इलाके में पानी के छींटे ऊपर उड़ जाने की बात को लेकर फरियादी के दोस्त रोहन शेट्टी को चाकू मार दिया और भाग निकला।