मटर के लिए किसानों और व्यापारियों में बनी सहमति
जबलपुर। भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधि मंडल ने शुक्रवार को मटर उत्पादक किसानों और व्यापारियों समस्याओं को लेकर एसडीएम पीके सेनगुप्ता से मुलाकात की। किसानों व मंडी व्यापारियों के बीच गतिरोध को समाप्त करने के लिए एसडीएम पीके सेनगुप्ता व मंडी सचिव की उपस्थिति में मंडी सचिव कार्यालय में किसान संघ के पदाधिकारियों, किसानों और मटर व्यापारियों के बीच लंबी वार्ता से सुलह का रास्ता निकाला। भाकिसं के अभा प्रचार प्रमुख राघवेन्द्र सिंह पटेल ने बताया कि मंडी के मटर व्यापारियों ने प्रशासन के सामने अपनी सुरक्षा के विषय को रखा। जिस पर प्रशासन ने उचित व्यवस्था बनाने का आश्वासन दिया। साथ ही मंडी में भ्रमण कर सभी व्यवस्थाओं को देखा और आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए निर्देश दिए। जिसके उपरांत सभी मटर व्यापारियों ने मटर खरीदी न करने के अपने फैसले को वापिस लेते हुए मटर खरीदी प्रारंभ करने का निर्णय लिया। जिस पर किसान संघ के प्रतिनिधियों व किसानों ने खुशी जाहिर की।
अस्थाई खरीदी केन्द्र देखा
इसके पहले विधायक इंदु तिवारी, भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों, एसडीएम पीके सेनगुप्ता, मंडी व्यापारियों, मंडी सचिव के साथ अस्थायी तौर पर मटर मंडी प्रारंभ करने के लिए ओरिया बायपास स्थित जमीन का निरीक्षण किया। इस अवसर पर भरत पटेल, मोहन तिवारी, सुनील पटेल, धनंजय पटेल, रामकृष्ण सोनी, आलोक पटेल, यश गोंटिया उपस्थित रहे।
व्यापारियों ने गत दिनों बंधक बनाए जाने के बाद खरीदी न करने का निर्णय लिया था। शुक्रवार को एसडीएम ने सुरक्षा की गारंटी ली है। इस आश्वासन के बाद 9 दिसंबर से खरीदी शुरू की जाएगी। अजित साहू जिलाध्यक्ष कृषि उपज मंडी