मप्र ने जनजातीय वर्ग के लिए जो मॉडल शुरू किए, वे सभी राष्ट्रीय महत्व के : मुर्मु

मप्र ने जनजातीय वर्ग के लिए जो मॉडल शुरू किए, वे सभी राष्ट्रीय महत्व के : मुर्मु

शहडोल/भोपाल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को शहडोल में जनजातीय गौरव दिवस समारोह में पेसा एक्ट का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि पेसा नियमों का इस्तेमाल जनजातियों के सशक्तिकरण में किया जाएगा। जनजातीय समाज का विकास पूरे देश के विकास से जुड़ा है। जनजातीय समाज एवं वंचित वर्गों के विकास और सशक्तिकरण में मप्र का महत्वपूर्ण योगदान है। मप्र में जनजातीय महापुरुषों की स्मृति को बनाए रखने और भावी पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सराहनीय प्रयास किए गए हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि आज मप्र में जनजातीय वर्ग के कल्याण के लिए जिन मॉडल्स को शुरू किया गया है, वे सभी राष्ट्रीय महत्व के हैं। ये जनजातीय वर्ग को उनके अधिकार दिलाएंगे।

शिवराज बोले- यह सामाजिक क्रांति का दिन

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश के लिए सौभाग्य का विषय है कि भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर राष्ट्रपति मप्र आई हैं। उनकी उपस्थिति में जनजातीय वर्ग के सशक्तिकरण के लिए पेसा एक्ट लागू किया जा रहा है। इसके नियम जनजातीय वर्ग को जल, जंगल और जमीन के अधिकार दिलाएंगे। नए नियमों को सामाजिक समरसता के साथ लागू किया जाएगा। आज का दिन सामाजिक क्रांति का दिन है।

औबेदुल्लागंज-इटारसी फोरलेन, DRDE की लैब का शिलान्यास

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार शाम राजभवन में औबेदुल्लागंज से इटारसी फोरलेन सड़क और ग्वालियर में डीआरडीई की आधुनिक बीएसएल-4 लैब का वर्चुअल शिलान्यास किया। उन्होंने कहा- मध्यप्रदेश देश में उज्ज्वल सितारे (ब्राइट स्टार) के रूप में उभरकर सामने आएगा। औबेदुल्लागंज से इटारसी के बीच रातापानी अभयारण्य के बीच 12 किमी की फोरलेन सड़क के बारे में कहा कि इससे रहवासियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। रक्षा अनुसंधान एवं विकास स्थापना की माइक्रो बायलॉजी लैब के बारे में कहा कि यह कोविड-19 जैसे वायरस पर शोध और रोकथाम में सक्षम बनाएगी।

स्वच्छता में नंबर वन रहने के लिए मप्र को बधाई

राष्ट्रपति ने स्वच्छता में अग्रणी रहने पर मप्र को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में मप्र के प्रयास अनुकरणीय है। इंदौर, जहां लगातार स्वच्छता में छठवीं बार प्रथम स्थान पर आया है तो एक लाख की आबादी वाले देश के शीर्ष 100 शहरों में से 30 मप्र के हैं। यह मप्र के लोगों की जागरुकता और भागीदारी के कारण ही संभव हो सका है। इस अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मु ने मप्र के डॉ. भीमराव अंबेडकर, डॉ. शंकर दयाल शर्मा, अटल बिहारी वाजपेयी, कालिदास, तानसेन, लता मंगेशकर को याद करते हुए नर्मदा, बेतवा जैसी नदियों और यहां के महोत्सवों का उल्लेख किया। राष्ट्रपति बुधवार को लाल परेड मैदान पर स्व सहायता समूह की महिलाओं से संवाद में शामिल होंगी।

हमें जनजातीय जीवनशैली से शिक्षा लेने की आवश्यकता है : राष्ट्रपति मुर्मु

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को शहडोल में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में कहा कि क्लाइमेट चेंज और ग्लोबल वार्मिंग की चुनौतियों को देखते हुए हमें जनजातीय जीवनशैली से शिक्षा लेने की आवश्यकता है। जनजातीय जीवन प्रकृति पर आधारित होता है और वे प्रकृति की रक्षा करते हैं। उनके लिए मानव समाज, वनस्पति जीव-जंतु समान महत्व के है। जनजातीय वर्ग व्यक्ति के स्थान पर समूह को, प्रतिस्पर्धा के स्थान पर सहकारिता को और विशिष्टता के स्थान पर समानता को अधिक महत्व देता है। राष्ट्रपति सहित केंद्रीय मंत्रियों ने कार्यक्रम स्थल पर लगी जनजातीय नायकों की चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। साथ ही महिला स्वसहायता समूहों के विभिन्न स्टॉल पर उनके द्वारा तैयार किए गए उत्पाद देखे। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि मप्र में लागू किए गए पेसा एक्ट के नए नियम जनजातीय वर्ग के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण सिद्ध होंगे।