अमेरिकी रिसर्चर्स का दावा : व्यायाम के अनुभव को सुखद बना देता है संगीत

अमेरिकी रिसर्चर्स का दावा : व्यायाम के अनुभव को सुखद बना देता है संगीत

न्यूयॉर्क। क्या आपने गौर किया है कि व्यायाम करते वक्त कुछ लोग हाई-एनर्जी वाले गाने सुनते हैं। कुछ ओलिंपिक एथलीट भी बड़ी प्रतियोगिताओं की तैयारी अपने कानों में हैडफोन पहन कर करते हैं। रिसचर्सर्स का कहना है कि संगीत आपके व्यायाम के अनुभव को बदल सकता है। संगीत के जरिए इस थकाने वाली क्रिया को आनंददायक और ऊर्जा से भरपूर बनाया जा सकता है। संगीत व्यायाम को कई तरह से रोचक बना देता है।

बढ़ती है स्पीड :

संगीत के साथ व्यायाम करने से आपकी स्पीड बढ़ सकती है। कसरत के दौरान यदि आप अपबीट सांग सुनते हैं तो इससे आपकी गति बढ़ सकती है। भले ही आप संगीत की धुन के साथ तालमेल नहीं बिठा रहे हों फिर भी इससे आपकी चाल बढ़ जाती है। जितना एनर्जटिक म्यूजिक होगा आपकी चाल उतनी तेज होगी।

शक्तिशाली बनाने में सहायक :

संगीत के साथ व्यायाम आपको और अधिक शक्तिशाली बना सकता है। कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी के रिसर्चर्स ने यह पाया है कि ऐसे लोग जो स्ट्रेंथ ट्रेनिंग के दौरान संगीत सुनते थे, वे उन लोगों की तुलना में अधिक बल और तेजी के साथ स्क्वैट जंप लगाने में सक्षम थे जो यह कार्य करते वक्त संगीत नहीं सुन रहे थे।

ब्रेन का फोकस संगीत में होने से नहीं होती थकावट :

संगीत से व्यायाम करने में आसानी हो सकती है। जब भी आप व्यायाम करते हैं तो आपका मस्तिष्क यह सोचने लगता है कि आप कुछ कठिन काम कर रहे हैं। कुछ कठिन व्यायाम जैसे रनिंग करने में वाकिंग की तुलना में अधिक परिश्रम की आवश्यकता होती है। लेकिन एक रिसर्च के रिव्यू में पाया गया है कि यदि इस दौरान संगीत का प्रयोग किया जाए तो आपको रनिंग करने में आसानी होगी। क्योंकि संगीत बजने से आपके मस्तिष्क का ध्यान उस ओर चला जाएगा।

मिजाज सही रखने में सहायक :

संगीत न सिर्फ व्यायाम की क्रिया को आसान बनाता है, बल्कि आपका अनुभव भी सुखद बनाता है। संगीत की ध्वनि तेज हो या मध्यम व्यायाम के दौरान इसे सुनने से आपका मिजाज सही रहता है।

मोटिवेशन के लिए जरूरी :

संगीत बजाने से मनोबल बढ़ता है, थके होने के बाद भी यह आपके और व्यायाम करने की संभावना को बढ़ा सकता है। वर्कआउट के दौरान अपनी कुछ पसंदीदा धुनें सुनने से आपको इसकी आदत पड़ जाती है।

वर्कआउट के हिसाब से तय करें म्यूजिक :

किस वर्कआउट के दौरान कौनसा संगीत सुनना है इसका चुनाव अहम है। अमेरिकी एक्सरसाइज काउंसिल के फिजियोलॉजी कंटेंट मैनेजर जैक क्रॉकफोर्ड का कहना है रनिंग जैसी एक्सरसाइज के लिए आपको 155 से 180 बीट प्रति मिनट का संगीत सुनना उपयुक्त रहेगा। केनी लॉगिन्स का सांग डेंजर जोन लगभग 155 बीट प्रति मिनट तथ पॉइंटर सिस्टर का गाना आई एम सो एक्साइटेड लगभग 180 बीट प्रति मिनट का होता है।