अब बिड़ला ग्रुप में नई पीढ़ी की एंट्री, अनन्या-आर्यमान को मिली जिम्मेदारी

अब बिड़ला ग्रुप में नई पीढ़ी की एंट्री, अनन्या-आर्यमान को मिली जिम्मेदारी

नई दिल्ली। रिलायंस चेयरमैन मुकेश अंबानी ने अपने तीनों बच्चों आकाश अंबानी, ईशा अंबानी और अनंत अंबानी को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं, तो वहीं टाटा समूह में नोएल टाटा के तीनों बच्चे लिया, माया और नेविल टाटा को टाटा मेडिकल सेंटर बोर्ड में शामिल किया जा चुका है। अब कुमार मंगलम बिड़ला के नेतृत्व वाले बिड़ला ग्रुप में भी नई पीढ़ी की एंट्री हो चुकी है। बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने अपने उत्तराधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपने का सिलसिला शुरू कर दिया है। पिता आदित्य विक्रम बिड़ला के साल 1995 में निधन के बाद केएम बिड़ला ने महज 28 साल की उम्र में कारोबार की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले ली थी। ग्रुप का चेयरमैन नियुक्त होने के बाद उन्होंने अपनी काबिलियत की दम पर बिजनेस को आसामान की बुलंदियों पर पहुंचाया। अब वे अपने बच्चों को बिजनेस का हिस्सा बनाने के लिए बड़ी जिम्मेदारियां सौंप रहे हैं।

फैशन एंड रिटेल बिजनेस में जिम्मेदारी

विरासत सौंपने के क्रम में सोमवार को कुमार मंगलम बिड़ला ने बड़ी घोषणा की गई। ग्रुप के फैशन एंड रिटेल बिजनेस आदित्य बिड़ला फैशन एंड रीटेल लिमिटेड में बेटी अनन्याश्री बिड़ला और बेटे आर्यमान विक्रम बिड़ला को बोर्ड आॅफ डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। बोर्ड आफ डायरेक्टर्स में दोनों भाई-बहन नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के तौर पर काम करेंगे। बिड़ला ग्रुप का कारोबार भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के तमाम देशों में फैला हुआ है।

माइक्रो फाइनेंस कंपनी चलाती हैं अनन्या

28 वर्षीय अनन्याश्री बिड़ला गायिका के तौर पर भी पहचानी जाती हैं। उन्होंने 17 साल की उम्र एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी शुरू की और उसे संभाल रही हैं। इस कंपनी का नाम स्वतंत्र माइक्रोफिन है। ये ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को छोटे-छोटे कर्ज देने का काम करती है। क्रिकेट में अपना हाथ आजमा चुके 25 वर्षीय आर्यमान बिड़ला मध्य प्रदेश की 2017-18 रणजी टीम का हिस्सा रहे हैं।