एनीमिया रथ का इंदौर नगर में 8 दिनी भ्रमण, करेगा जागरूक

एनीमिया रथ का इंदौर नगर में 8 दिनी भ्रमण, करेगा जागरूक

इंदौर। देश में घातक रोग एनीमिया के प्रति जनजागरूकता और रोग की रोकथाम के लिए एडवांस होम्योपैथिक मेडिकल रिसर्च एवं वेलफेयर सोसायटी तथा आयुष मेडिकल वेलफेयर के तत्वावधान में रविवार को केंद्रीय होम्योपैथिक अनुसंधान परिषद, आयुष में वैज्ञानिक सलाहकार बोर्ड के सदस्य डॉ. ए.के. द्विवेदी ने इंदौर नगर में जनजागरूकता रथ निकाला। यह रथ नगर के विभिन्न क्षेत्रों के 25 हजार घरों तक पहुंचकर एनीमिया बीमारी में होम्योपैथी की उपयोगिता तथा घरों में उपलब्ध सामग्री से एनीमिया दूर करने के तरीके बताएगा।

कार्यक्रम के उद्देश्य की जानकारी देते हुए डॉ. द्विवेदी ने बताया कि एनीमिया जैसे घातक रोग को दूर करने के लिए विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों द्वारा संयुक्त प्रयास करने की जरूरत है। एनीमिया का होम्योपैथी में बेहतर इलाज है, पर जरूरत इस बात की है कि रोग के बारे में आम जनजीवन में जानकारी हो। उन्होंने बताया कि हमारा उद्देश्य लोगों को समझाइश देना, सर्वे करना और समाधान देना है। इसके लिए जनसहयोग और जनजागरूकता आवश्यक है। घर में उपलब्ध गुड़-चना जैसी सामग्री भी एनीमिया की बीमारी कम करने में लाभप्रद होती है। इंदौर नगर में भेजे जा रहे इस रथ का उद्देश्य एनीमिया के इलाज और उसकी रोकथाम के बारे में जानकारी देने के साथ जनजागरूकता फैलाना भी है।

गुड़-चना, मूंगफली, किशमिश वितरण

जनजागरूकता रथ 5 मार्च तक प्रतिदिन नगर के विभिन्न हिस्सों में भ्रमण करेगा। रक्त की कमी या एनीमिया के लक्षण वाले चिन्हित व्यक्तियों के रक्त का सैंपल लेने की नि:शुल्क व्यवस्था एनीमिया रथ द्वारा की जाएगी। लक्षण वाले लोगों को गुड़-चना, मूंगफली दाना तथा किशमिश का नि:शुल्क वितरण किया जाएगा आवश्यकतानुसार होम्योपैथी की औषधियां भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।