भाजपा ने शुरू की ‘कांग्रेस फाइल्स’ सीरीज 4.82 लाख करोड़ के भ्रष्टाचार का किया जिक्र

नई दिल्ली। भाजपा और कांग्रेस के बीच अब वीडियो वॉर शुरू हो गया है। भाजपा ने रविवार को कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए ‘कांग्रेस फाइल्स’ नाम की एक सीरीज शुरू की। पार्टी ने ‘कांग्रेस फाइल्स’ का पहला एपिसोड ट्वीट कर लिखा, इस एपिसोड में देखिए कैसे कांग्रेस राज में एक के बाद एक भ्रष्टाचार और घोटाले हुए। इसमें कोयला घोटाला, 2जी स्पेक्ट्रम, कॉमनवेल्थ घोटाले का जिक्र है। पूर्व कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह फीचरिंग वीडियो क्लिप में 4.82 लाख करोड़ के घोटालों को सूचीबद्ध किया गया है, जो कथित रूप से यूपीए काल के दौरान हुए थे।
भाजपा ने कहा- पिक्चर अभी बाकी है...
इस वीडियो की शुरुआत कांग्रेस का मतलब समझाने से होती है, जिसमें लिखा है- कांग्रेस मतलब करप्शन। तीन मिनट के इस वीडियो में कांग्रेस के 70 साल के शासन के घोटालों का जिक्र किया गया है। आखिरी मिनट में नैरेटर कहता है- कांग्रेस के घोटालों की ये तो सिर्फ झांकी है, पिक्चर अभी बाकी है।