उपचुनाव: शबरी, निषाद और अहिल्या को भुनाएगी भाजपा ,ग्वालियर-चंबल पर फोकस

उपचुनाव: शबरी, निषाद और अहिल्या को भुनाएगी भाजपा ,ग्वालियर-चंबल पर फोकस

भोपाल। भाजपा प्रदेश की 27 सीटों पर संभावित उपचुनाव के दौरान शबरी, निषाद और देवी अहिल्या को लेकर आयोजन करेगी। इनके जरिए वह समाजों के वोट बैंक में सेंध लगाएगी। भाजपा मुख्यमंत्री शिवराज सरकार की उपलब्धियां के अलावा 15 महीने की कमल नाथ सरकार की विफलताओं को लेकर चुनाव मैदान में उतरने जा रही है। इसके लिए उसने जमीनी स्तर पर तैयारियां की है। इसके अलावा भाजपा विभिन्न जाति व समाज के लोगों को पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में लाने के लिए सिलसिलेवार कार्यक्रम तैयार कर रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, देवी अहिल्या के जरिए वह मराठी समाज में पैठ बनाना चाह रही है। ग्वालियर- चंबल और इंदौर संभाग में मराठी समाज बहुतायत में है। ग्वालियर और इंदौर के सांवेर में उपचुनाव होने हैं। इसी तरह ग्वालियर- चंबल संभाग में शबरी और निषाद में आस्थाएं रखने वाले लोग बड़ी संख्या में है। पार्टी के जानकार बताते हैं कि कई सीटों पर यह जाति व समाज चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाते हैं। भाजपा ने इन महापुरुषों में आस्थाएं रखने वाले पार्टी विधायकों, नेताओं और पदाधिकारियों को भी संबंधित समाज को पार्टी के पक्ष में लाने की जिम्मेदारी सौंपी है। ये पदाधिकारी संबंधित विधानसभा क्षेत्र में जाकर समाज के प्रमुख लोगों के साथ दो दौर की बैठकें भी कर चुके हैं। इसके अलावा पार्टी ने छह महीने पहले ही संघ के पूर्णकालिक विस्तारकों की उपचुनाव वाली सीटों पर भेजकर इन समाज के मतदाताओं का समर्थन जुटाने की तैयारी शुरू कर दी थी। इधर भाजपा के मुख्य प्रवक्ता डॉ.दीपक विजयवर्गीय का कहना है कि भाजपा अपनी सरकार के कार्यक्रम और नीतियों को लेकर और 15 महीने की कमल नाथ सरकार की विफलताओं को लेकर उपचुनाव लड़ा जाएगा।