मुर्मू के राष्ट्रपति बनने पर भाजपा 1 लाख गांवों में मनाएगी जश्न

मुर्मू के राष्ट्रपति बनने पर भाजपा 1 लाख गांवों में मनाएगी जश्न

भोपाल। राष्ट्रपति पद पर पहली बार आदिवासी वर्ग की महिला द्रौपदी मुर्मू की जीत के बाद 21 जुलाई को भाजपा ने देश भर के एक लाख गांवों और शहरों में एक साथ जश्न मनाने की तैयारी की है। दिल्ली स्थित भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में विभिन्न प्रदेशों के 71 मास्टर ट्रेनर्स को राष्ट्रपति चुनाव की बारीकियां समझाई गर्इं। इसके लिए बैलेट बॉक्स लगाया और पीठासीन अधिकारी को बैठाकर राष्ट्रपति चुनाव प्रक्रिया का हूबहू ‘डेमो’ भी कराया गया। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने समझाइश दी कि 100 प्रतिशत मतदान हो और एक वोट भी रिजेक्ट नहीं होना चाहिए। करीब साढ़े तीन घंटे चली इस ट्रेनिंग में मध्यप्रदेश से गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग और वरिष्ठ विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने शिरकत की। अब ये लोग प्रदेश के सभी भाजपा विधायकों को भोपाल में चुनाव संबंधी ट्रेनिंग देंगे।

मंडल अध्यक्षों को तैयारी का निर्देश

संगठन मंत्री बीएल संतोष ने बताया कि आजादी के 75 साल बाद यह पहला मौका है जब देश में आदिवासी वर्ग की महिला के राष्ट्रपति पद पर चुने जाने का अवसर आया है। यह सभी के लिए गर्व की बात है। राष्ट्रपति पद पर द्रौपदी मुर्मू के निर्वाचन का ऐलान होते ही देश के एक लाख गांवों में भाजपा व्यापक स्तर पर जश्न मनाएगी। सभी मंडल अध्यक्षों को तैयारी का संदेश दे दिया गया है। आदिवासी बहुल जिले और प्रदेशों में यह संदेश दिया जाएगा कि भाजपा सरकार की पहल पर उनके बीच की महिला देश के सर्वोच्च पद पर चुनी गर्इं हैं। सभी राज्यों से मास्टर्स ट्रेनर के रूप में दिल्ली मुख्यालय पहुंचे मंत्रीवि धायकों को पार्टी के महामंत्री विनोद तांवड़े, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और चुनाव प्रक्रिया के विशेषज्ञ ओपी पाठक ने संबोधित किया। इस दौरान सवाल-जवाब का सत्र भी चला। उन्होंने इन प्रतिनिधियों की जिज्ञासाओं के जवाब भी दिए।

मुर्मू कल आएंगी भोपाल, सीएम हाउस में बैठक

नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस (एनडीए) की ओर से राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू 15 जुलाई को भोपाल आ रही हैं। यहां सीएम हाउस में दोपहर 3 बजे भाजपा विधायक दल के साथ उनकी मुलाकात कराई जाएगी। भाजपा की तरफ से सभी विधायकों को अनिवार्य रूप से बैठक में पहुंचने का संदेश भेज दिया गया है। गौरतलब है कि चुनाव से पहले मुर्मू देश भर का दौरा कर रही हैं।