कपलेश्वर महादेव मंदिर से आज निकलेगी बाबा भोले की बरात

कपलेश्वर महादेव मंदिर से आज निकलेगी बाबा भोले की बरात

इंदौर। महाशिवरात्रि महोत्सव में कपलेश्वर महादेव मंदिर काटजू कॉलोनी से शुक्रवार को भोलेबाबा की बरात निकलेगी। बरात में देव, भूत, प्रेत के साथ चुड़ैल शामिल होंगी। नवलखा स्थित मनकामेश्वर कांटाफोड़ शिव मंदिर पर भोलेनाथ की उबटन-लेपन रस्म होगी। श्रीविद्याधाम में अभिषेकात्मक सग्रहमख महारुद्र महायाग, सिद्धेश्वर महादेव मंदिर पर पार्थिव शिवलिंग तैयार कर पूजन होगा। कपलेश्वर महादेव मंदिर काटजू कॉलोनी में भोलेबाबा की बरात शुक्रवार को निकलेगी। इसके लिए भव्य तैयारियां की गई हैं। बरात का जगह-जगह भक्तजनों द्वारा स्वागत किया जाएगा। मनकामेश्वर मंदिर पर शुक्रवार को सुबह 10 बजे से उबटन लेपन की रस्म शुरू होगी।

महामृत्युंजय यज्ञ

श्रीविद्याधाम पर अभिषेकात्मक सग्रहमख महारुद्र महायाग एवं सायं 5.30 बजे से सामूहिक शिव महिम्न स्त्रोत, लक्ष्यार्चन आराधना एवं शिव उपासना अनुष्ठान होगा। शनिवार को महामृत्यंजय यज्ञ का अनुष्ठान होगा। रात्रि में चारों प्रहर विशेष आराधना एवं फलों के रस से महाभिषेक होगा।

पार्थिव शिवलिंग

जगजीवन राम नगर स्थित प्राचीन सिद्धेश्वर महादेव मंदिर पर सुबह 10 बजे से पार्थिव शिवलिंग तैयार किए जाएंगे, जिसका अभिषेक होगा। शाम को महिला संगीत होगा।

महा भस्म आरती के साथ महोत्सव की धूम

मनकामेश्वर मंदिर भक्त मंडल के संदीप गोयल के अनुसार मंदिर में महाशिवरात्रि पर दोपहर में शिवजी को केसर जल से स्रान कराया जाएगा। संध्या को रजवाड़ी महल में अर्द्धनारीश्वर के रूप में आर्ट एवं टिश्यू पेपर से बनाई गई जीवंत झांकी के दर्शन होंगे। 19 फरवरी को सुबह 5 बजे से महाकाल की तर्ज पर महा भस्म आरती के साथ महोत्सव का समापन होगा।

ठंडाई का वितरण

नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर एमओजी लाइंस पर महाशिवरात्रि को सुबह दुग्धाभिषेक होगा तत्पश्चात भक्तों में ठंडाई प्रसाद का वितरण होगा।

पंडितों द्वारा किया जाएगा बाबा का रुद्राभिषेक

कपलेश्वर महादेव मंदिर काटजू कॉलोनी में शिवरात्रि के दिन सुबह 5 बजे से पंड़ितों द्वारा बाबा का रुद्राभिषेक किया जाएगा। सिद्धेश्वर महादेव मंदिर से महाशिवरात्रि को शाम 4 बजे भोलेबाबा की बरात निकलेगी। बरात में बैंड बाजे, घोड़े, बग्गी सहित कई भक्तगण शामिल होंगे।