सब्जी वालों पर भी लगाया प्रतिबंध, नहीं दिखे ठेले, लॉकडाउन में बरती सख्ती

सब्जी वालों पर भी लगाया प्रतिबंध, नहीं दिखे ठेले, लॉकडाउन में बरती सख्ती

जबलपुर । कोरोना संक्रमण की रफ्तार को थामने के लिए शनिवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक के 31 घंटे के विराम में शहर थमा रहा। पुलिस की सख्ती के चलते इस बार सब्जी वालों को भी निकलने की अनुमति नहीं दी गई। यही वजह रही कि इस बार एक भी सब्जी वाले का ठेला रविवार को दिन भर नजर नहीं आया। वहीं लोग घरों में ही रहे और वाहन भी इस बार कम संख्या में ही रोड पर दिखे। पुलिस ने इस बार खासी सख्ती बरती। जगह-जगह बैरीकेड लगाकर लोगों को रोका गया और निकलने का कारण पूछा गया। उचित वजह न होने पर उन्हें वापस किया गया। वहीं जायज वजह वालों के साथ सहयोग भी किया गया। ज्यादातर शहर वासियों ने प्रशासन के इस कदम को अब अपना लिया है और वे अकारण घरों से नहीं नि कल रहे हैं। कोरोना की लगातार बढ़ती रफ्तार में भले ही कमी नहीं आ रही है मगर सप्ताह में कम से कम एक दिन इस बहाने लोग घरों में रहने लगे हैं।

सूने रहे बाजार

रविवार को शहर के हर हिस्से में दुकानें बंद रहीं। बाजार भी सूने और बंद रहे। बाजारों की भीड़,वाहनों की रेलमपेल भी नजर नहीं आई। हर जगह पुलिस की चौकस व्यवस्था नजर आई। उपनगरीय इलाकों में भी विराम का असर देखा गया। गढ़ा,अधारताल,रांझी,ग्वारीघाट,बिलहरी आदि इलाकों में भी विराम सफल रहा।