7-1 से भारतीय जनता पार्टी की प्रंचड जीत

7-1 से भारतीय जनता पार्टी की प्रंचड जीत

जबलपुर। ऐसी जीत की उम्मीद तो खुद भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को नहीं थी जैसी कि जबलपुर में हासिल हुई है। ज्यादा से ज्यादा 5-3 के रेशियो के दावे किए जाते रहे हैं मगर 7-1 से जिले की 8 में से 7 सीटों पर कब्जा कर भाजपा ने इतिहास रच दिया है। जीते प्रत्याशियों ने कहा यह हमारे पीएम मोदी की जनता में लोकप्रियता और लाड़ली लक्ष्मी का प्रभाव है। बेहद सुरक्षित और उम्दा प्रशासनिक व्यवस्थाओं के बीच मतगणना का महाआयोजन संपन्न हुआ। नियत समय पर मतगणना की शुरूआत से लेकर अंतिम प्रमाणपत्र जो कि केंट के विजयी प्रत्याशी अशोक रोहाणी को मिला तक बिना थके बिना रुके चुनाव ड् यूटी में लगे वरिष्ठ,कनिष्ठ और छोटे कर्मचारियों ने अपने-अपने दायित्व को निर्वहीत किया। 6.30 बजे तक सभी काम समाप्त हो गए थे।

कलेक्टर-एसपी की दूरी चर्चा का विषय

सुबह से लेकर शाम तक मतगणना स्थल के मीडिया सेंटर या इसके आसपास तक न तो कलेक्टर नजर आए और न ही एसपी। यहां तक कि निर्वाचित होने के उपरांत सभी प्रत्याशियों को प्रमाणपत्र तक आरओ ने दिए। दोनों अधिकारी मतगणना कक्ष भवन में ही रहे। इससे समर्थकों ने भी रोष व्यक्त किया।

सिहोरा: सबसे ज्यादा लीड से जीते संतोष

जिस प्रत्याशी को टिकट मिलने तक की उम्मीद न थी जो सार्वजनिक रूप से कहता था कि मेरे पास चुनाव लड़ने पैसे नहीं हैं,वह जिले में सबसे ज्यादा वोट से जीतकर विधायक निर्वाचित हुआ। हम बात कर रहे हैं सिहोरा से भाजपा के अप्रत्याशित प्रत्याशी संतोष बरकड़े की। वे अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस की एकता ठाकुर से 42 हजार 777 मतों से जीते। उन्हें 1 लाख 1 हजार 777 मत मिले जबकि एकता ठाकुर को 42 हजार 772 मत मिले हैं।

पनागर: पीपीवाई का असर दिखा

पनागर विधानसभा सीट से सुशील तिवारी ने तीसरी बार विधायक निर्वाचित होकर जिले की दूसरी नंबर की लीड ली। उन्होंने अपने निकटतम कांग्रेस प्रत्याशी को 40 हजार 801 मतों से हराया। श्री तिवारी को1 लाख 18 हजार 473 मत मिले,जबकि कांग्रेस से राजेश पटैल को 77 हजार 672 मत मिले। यहां पंडित,पटैल और यादव यानि पीपीवाई का असर होता है साफ है कि इसे साधने में इंदू सफल रहे।

बरगी: मां का बदला लिया बेटे ने

बरगी विधानसभा सीट के परिणाम भी बिलकुल अप्रत्याशित लगे। जिले की तीसरे नंबर की लीड भाजपा के नीरज लोधी ने कांग्रेस के संजय यादव को पराजित कर हासिल की है। उनकी मां प्रतिभा सिंह पिछला चुनाव संजय से ही हारी थीं। प्रचंड जीत हासिल कर नीरज ने अपनी मां की हार का बदला लिया। यहां नीरज को 1 लाख 09 हजार,080 मत मिले। वहीं संजय यादव को 68 हजार 913 मतों से संतोष करना पड़ा। यहां पर 40 हजार 179 मतों की लीड रही।

पाटन: फिर चला विश्नोई का जादू

पाटन विधानसभा से पिछली बार के चुनावों में यही जोड़ी थी जिसमें पराजित होने वाले भी वही थे और जीतने वाले भी वही। अजय विश्नोई भाजपा के सीनियर लीडर हैं और संभवतय पांचवी बार मैदान में थे उन्होंने कांग्रेस के नीलेश अवस्थी को 30हजार 255 मतों से हराया। श्री विश्नोई को 1 लाख 13 हजार223 मत मिले। वहीं नीलेश को 82 हजार 968 मत मिले।

केंट: रोहाणी साम्राज्य कायम

केंट विधानसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी अभिषेक चौकसे चिंटू को कमजोर केंडीडेट कहा जा रहा था मगर उन्होंने इस धारणा को तोड़ा है और चुनाव में 46 हजार 01 मत लेकर आलोचकों का मुंह तो बंद कर दिया है हालाकि वे पराजित हुए हैं। अशोक रोहाणी ने 1998 से अपने पिता स्व. ईश्वरदास रोहाणी द्वारा जीती गई इस सीट पर छटवीं बार रोहाणी परिवार का कब्जा बनाए रखा है। वे तीसरी बार के विधायक बने हैं। श्री रोहाणी को 76 हजार183 मत मिले हैं।

पश्चिम: सबसे हॉट सीट पर जीतीं अपेक्षाएं

शहर की सबसे हॉट सीट कही जाने वाली पश्चिम विधानसभा में भाजपा ने अपने सांसद राकेश सिंह को उतारा था। यहां कांटे की टक्कर कही जा रही थी क्योंकि कांग्रेस के पूर्व वित्तमंत्री तरुण भनोट यहां से सामने थे। उनकी लोकप्रियता के चलते राकेश का चुनाव निकालना मुश्किल बताने में खुद भाजपाई पीछे नहीं थे। राकेश के प्रति पार्टी ने जो अपेक्षाएं लगाई थीं उन्हें उन्होंने बखूबी पूरा किया। पहली बार किसी विधायक प्रत्याशी ने क्षेत्र के लिए विजन प्लॉन पेश किया था। पश्चिम की ज्यादातर पढ़ी-लिखी प्रबुद्ध जनता ने इस बात को पॉजीटिव लिया। राकेश सिंह को 96 हजार 268 वोट मिले जबकि त रुण भनोट को 66134 मत मिले। जीत का अंतर 30 हजार 134 मत रहा।

पूर्व: माई नेम इज लखन

पूरे जिले में केवल यही सीट रही जिसने कांग्रेस की लाज बचाई। तीसरी बार चुनाव लड़े लखन घनघोरिया ने अपने निकटतम भाजपा प्रत्याशी अंचल सोनकर को 27 हजार541 मतों से हराया। श्री घनघोरिया को 95 हजार 673 मत मिले,अंचल सोनकर को 67 हजार 932 मत मिले। इसके अलावा जिले की बाकी 7 सीटों से कांग्रेस का सूपड़ा साफ था।

उत्तर-मध्य के परिणामों ने भी चौंकाया

उत्तर-मध्य विधानसभा में हाईकमान ने स्थानीय प्रत्याशियों को दरकिनार करते हुए अभिलाष पांडे को उतारकर बड़ा निर्णय लिया था। इसके साइड इफेक्ट भी तत्काल ही सामने आए थे,मगर पार्टी के थिंक टैंक माने जाने वाले अमित शाह ने इसे खुद सही किया। वे एक दिन में दो बार जबलपुर आए। यहां असंतुष्टों को पता नहीं कौनसा शाही मंत्र पढ़ाया कि परिणाम सामने हैं। अभिलाष अपने निकटतम व पूर्व विधायक विनय सक्सेना को 22 हजार 953 मतों से पराजित कर नेतृत्व के भी लाड़ले बेटे बन गए हैं। गौरतलब है कि उनका चुनाव में लोगो रहा नेता नहीं बेटा। अभिलाष को 88 हजार 419 मत मिले,जबकि विनय सक्सेना को 65 हजार 464 मत मिले। इसमें संदेह नहीं कि विनय की लोकप्रियता ने उन्हें अच्छे मत दिलाए मगर जीत न दिला सकी।

महापौर का वार्ड और बूथ हारी कांग्रेस

पश्चिम विधानसभा के परिणाम में महापौर और कांग्रेस के जिलाध्यक्ष जगत बहादुर सिंह अन्नू का ग्रह वार्ड नरसिंह वार्ड में कांग्रेस 1370 वोटो से हारी साथ ही बूथ न. 101 जिसमे उनका निवास है वह भी 179 वोट से कांग्रेस हार गई।

24 की हेट्रिक तय

तीन राज्यों में भाजपा की बंपर जीत ने आगामी वर्ष होने वाले लोकसभा चुनावों का परिणाम जैसे आज ही तय कर दिया। उत्साह से भरे राकेश सिंह कह रहे थे कि अभी 29 में से 28 सीटें हैं लोकसभा में 29 में 29 सीट भाजपा की होंगी।

देरी होने से भड़के रोहाणी

सबसे अंत में जीत का प्रमाणपत्र केंट के विजयी प्रत्याशी अशोक रोहाणी को मिला। वे इंतजार करते-करते झल्ला भी गए। 10-10 मिनट का कहकर अधिकारी देर कर रहे थे। हालाकि जल्द ही अधिकारियों ने उन्हें प्रमाणपत्र देकर पूरी प्रक्रिया का समापन किया। इसमें 6 बजकर 40 मिनट हो चुके थे।

फोटो न उतरवाने पर भड़का समर्थक

अभिलाष पांडे की जीत के बाद उनके साथ फोटो उतरवाने की होड़ लगी रही। फोटो उतरवाने के लिए मंच पर गए एक समर्थक फोटो में जगह न मिलने से भड़क गए और मंच से उतर गए। फिर उन्हें श्रीराम शुक्ला हाथ पकड़कर ऊपर ले गए और फोटो उतरवाई।

शेर आया-शेर आया के नारे से लखन का स्वागत

आपको याद हो तो शेर आया के नारे एआईएमआईएम के संस्थापक असदुद्दीन ओवैसी के लिए लगाए जाते हैं। इस पार्टी से प्रत्याशी गजेन्द्र सोनकर रहे जो विशेष असर नहीं दिखा पाए। वहीं वजनदार केंडीडेट अंचल को भी हरा दिया इस खुशी में लखन के कार्यकर्ताओं ने शेरआया-शेर आया के जमकर नारे लगाए।