ग्वालियर-चंबल संभाग में आज भी वर्षा के आसार

ग्वालियर-चंबल संभाग में आज भी वर्षा के आसार

ग्वालियर । जन्माष्टमी के पहले दिन मंगलवार से शुरु हुआ बारिश का दौर फिलहाल जारी है। भले ही शहर में वर्षा की रफ्तार अधिक नहीं रही हो, लेकिन गर्मी और उमस से राहत अवश्य मिली है। बीते चार दिन में 68.8 मिमी वर्षा शहर में हो चुकी है। शनिवार को भी ग्वालियर-चंबल संभाग में वर्षा के आसार हैं। कभी मध्यम, कभी रिमझिम वर्षा से बारिश का आंकड़ा तो शुक्रवार शाम तक 353.6 मिमी तक पहुंच गया, लेकिन पूरे सीजन में एक बार भी ऐसा नहीं लगा कि ये बारिश वर्षाकाल की है। कभी भी लगातार कुछ घंटों की झड़ी नहीं लगी। इसलिए अभी तक गर्मी और उमस खत्म नहीं हो सकी। जो वर्षा अभी तक हुई है, वह भी पूरे शहर में बहुत कम बार हुई। अन्यथा कभी कहीं, कभी कहीं बारिश होती रही है। शुक्रवार को भी सुबह मध्यम गति की वर्षा हुई, इसके बाद दोपहर में रिमझिम होने के बाद धूप निकल आई। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में अधिकांश स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें या वर्षा हो सकती है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य था। न्यूनतम तापमान 26.3 डिसे दर्ज हुआ, यह सामान्य से 1 डिसे अधिक था।