शीत लहर : स्कूलों की बदली टाइमिंग, 10 बजे से लगेंगे स्कूल

जबलपुर। मध्यप्रदेश में शीतलहर को देखते हुए स्कूली छात्रों को स्कूल शिक्षा विभाग ने बड़ी राहत देते हुए स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया गया है। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने अपने आदेश भी जिला शिक्षा अधिकारियों को जारी कर दिए है। स्कूल शिक्षा विभाग के आदेश के मुताबिक अब 20 जनवरी तक शासकीय एवं निजी स्कूल सुबह 10 बजे से ही संचालित होंगे। साथ ही ऐसे समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालय जो जल्दी सुबह से संचालित होते है वे प्रात: 10 बजे से संचालित होंगे। दो पालियों में संचालित होने वाले शासकीय एवं अशासकीय विद्यालय भी प्रात: 10 बजे से संचालित किए जाएंगे। ऐसे शासकीय विद्यालय जो प्रात: 10.30 बजे से संचालित होते हैं वे यथावत निर्धारित समय-सारणी अनुसार संचालित होंगे। कक्षा 6 से 12 वीं तक कक्षाओं की पूर्व निर्धारित परीक्षाओं का संचालन निर्धारित समय-सारणी के अनुसार होगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से प्रभावशील होगा।
3 डिग्री उतरा रात का पारा, ठंड बढ़ी, कटनी में ठंड से मौत
कोहरे से लिपटी सर्द सुबह के बाद धूप निकली जिससे लोगों को कुछ राहत मिली। वहीं रात का पारा 3 डिग्री तक उतरा है। वहीं समीपस्थ जिले कटनी में ठंड से एक मौत की खबर भी है। मौसम के मिजाज तीसरे दिन भी बिगड़े रहे। आधी रात के बाद से घना कोहरा छा गया जो सुबह देर तक देखा गया। आलम यह था कि 8 बजे भी हाथ को हाथ नहीं नजर आ रहा था। इस पर ठंड भी तीखी रही। रात में शीतलहर ने कड़ाके की ठंड का अहसास करवाया।
ऐसा रहा मौसम का मिजाज
सोमवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। आर्द्रता 100 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशा उत्तर पूर्वी 5 से 6 किमी प्रति घंटा रही। पूर्वानुमान में संभाग के जिलों में मौसम शुष्क रहने क ी संभावना बताई गई है।
शासन के आदेश अनुसार स्कूलों का समय सुबह 10 बजे से कर दिया गया है। सुबह 8 से लगने वाले स्कूल 10 बजे से लगेंगे व 10 बजे लगने वाले स्कूल 10.30 बजे से लगेंगे। दीपक सक्सेना,कलेक्टर