कलेक्टरों को सीएम हेल्प लाइन में सुधारना होगा परफॉर्मेंस

कलेक्टरों को सीएम हेल्प लाइन में सुधारना होगा परफॉर्मेंस

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की प्राथमिकता में शामिल सीएम हेल्पलाइन को अब और चुनौतीपूर्ण बनाया गया है। इसमें कलेक्टरों और विभाग प्रमुखों का परफॉर्मेंस सुधारने के लिए ग्रेडिंग सिस्टम में संशोधन किया गया है। इसके अनुसार अब कलेक्टरों को एक्सीलेंस ग्रेड तभी मिलेगा जब वे 80% से अधिक प्रकरणों का निराकरण किए जाने की रिपोर्ट देंगे। प्रदेश में लोगों की शिकायतों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। सीएम हेल्पलाइन शुरू होने के बाद से अब तक एक करोड़ 19 लाख 94 हजार से अधिक आवेदन दिए जा चुके हैं। इनमें एक करोड़ 16 लाख से अधिक मामलों में निराकरण किए जाने का दावा किया गया है। बावजूद आज भी तीन लाख से ज्यादा आवेदन पेंडिंग हैं। लिहाजा इतनी बड़ी संख्या को कम करने के लिए अब ग्रेडिंग सिस्टम में संशोधन किया गया है। राज्य लोक सेवा अधिकरण मध्यप्रदेश ने सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी करते हुए बताया कि सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत जिलेवार और विभाग बार मासिक ग्रेडिंग वेटेज में रेंज आॅफ मार्क्स में परिवर्तन किया किया गया है। इसके अनुसार अब ए ग्रेड लाने के लिए 80 प्रतिशत से अधिक मामले निराकृत करने पर एक्सीलेंस मिलेगा। वहीं 60 से 80 नंबर लाने पर अच्छा, 50 से 60 पर एवरेज और 50 से कम नंबर लाने पर पुअर ग्रेडिंग मिलेगी।