‘मुंबई आ रही हूं किसी के बाप में दम है तो रोक लो’

‘मुंबई आ रही हूं किसी के बाप में दम है तो रोक लो’

मुंबई। एक्ट्रेस कंगना रनौत द्वारा मुंबई की तुलना पीओके से करने का विवाद शुक्रवार को बढ़ गया। कंगना के बयान पर राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा- कंगना अगर मुंबई की तुलना हमारे दुश्मन द्वारा अधिग्रहित पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर) से करती हैं तो उन्हें मुंबई लौटने का कोई हक नहीं है। वहीं, शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि हम धमकी देने वाले लोग नहीं, एक्शन लेने वाले लोग हैं। जिन्होंने मुंबई की पीओके से तुलना की उन्हें पीओके के बारे में मालूम नहीं है। मुंबई पुलिस ने मुंबई हमला झेला, 92 के दंगे मे लोगों को बचाया, कोविड में मुंबई पुलिस के सिपाही शहीद हुए। मुंबई और महाराष्ट्र का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संजय राउत ने कंगना पर हमला बोला तो तुरंत कंगना ने पलटवार करते हुए मुंबई आने का ऐलान कर दिया। कंगना ने ट्वीट किया- मैं देख रही हूं कि बहुत से लोग मुझे मुंबई वापस नहीं आने के लिए धमकी दे रहे हैं, इसलिए मैंने अब आने वाले सप्ताह में 9 सितंबर को मुंबई की यात्रा करने का फैसला किया है। मैं उस समय को पोस्ट करूंगी, जब मैं मुंबई हवाई अड्डे पर उतरूंगी, किसी के बाप में हिम्मत है तो रोक ले। वहीं, रेसलर बबीता फोगाट भी कंगना के समर्थन में उतर आई हैं।

‘सामना’ के लेख पर कंगना ने कही थी यह बात

गुरुवार को कंगना रनौत ने बॉलीवुड ड्रग्स गैंग पर सवाल उठाया था। जिस पर सामना अखबार में उन पर निशाना साधा गया था। इसके बाद जान का डर दिखाते हुए कंगना ने ट्वीट कर कहा था कि ऐसा क्यों महसूस हो रहा है, जैसे मुंबई पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) है?

शिवसेना दुश्मनों को देगी श्रद्धांजलि: संजय राउत

कंगना के इस ट्वीट पर पलटवार करते हुए संजय राउत ने कहा- मुंबई एक मराठी व्यक्ति के बाप की है। जो लोग इससे सहमत नहीं हैं, उन्हें अपने बाप को दिखाना चाहिए। शिवसेना महाराष्ट्र के ऐसे दुश्मनों को श्रद्धांजलि दिए बिना नहीं रहेगी।