उप चुनाव: भाजपा को सता रही दिग्गजों के क्षेत्र में आंतरिक असंतोष की चिंता

उप चुनाव: भाजपा को सता रही दिग्गजों के क्षेत्र में आंतरिक असंतोष की चिंता

भोपाल। सियासी उलटफेर के बाद मध्यप्रदेश की 27 सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव की मैदानी तैयारी में भाजपा पूरी शिद्दत से जुट गई है। इन क्षेत्रों में उसे अपने ही दिग्गज नेताओं के आंतरिक असंतोष की आशंका सता रही है। खासतौर पर ऐसी सीटें जहां संकटकालीन संधि की खातिर कट्टर राजनीतिक विरोधी रहे नेताओं का झंडा उठाने को कहा गया है। भाजपा ने इन क्षेत्रों में वर्चुअल मीटिंग और नेताओं से सीधे चर्चा में हाईकमान का निर्देश समझा दिया है। प्रदेश की कुल 25 विधानसभा सीटें ऐसी हैं जहां से निर्वाचित कांग्रेस विधायकों ने त्यागपत्र देकर भाजपा का दामन थाम लिया है। ये सभी उपचुनाव में भाजपा के चुनाव चिन्ह पर फिर जनादेश लेने मैदान में उतरेंगे।

इन क्षेत्रों में सियासी मजबूरी

इन क्षेत्रों में भाजपा के पुराने स्थापित नेताओं की सियासी मजबूरी है कि जिन लोगों के खिलाफ लड़ते रहे अब पार्टी ने उन्हीं को जिताने और कंधे से कंधा मिलाकर काम करने की जवाबदारी सौंप दी है। भाजपा हाईकमान के निर्देश हैं इसलिए खुले तौर पर सभी चुप हैं लेकिन आंतरिक रूप से क्षेत्र में असंतोष खदबदा रहा है। कुछ क्षेत्रों में कार्यकर्ता मुखर भी हो चुके हैं।

असंतोष की आंच का डर

चुनावी प्रबंधन और वरिष्ठ नेताओं के जरिए भाजपा अब तालमेल बिठाने में जुटी है। असंतोष की आंच में 14 मंत्री सहित अन्य नेताओं के झुलसने की आशंका है। राज्यमंत्री गिर्राज दंडोतिया और पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल के खिलाफ उनके क्षेत्र में विरोध की खबरें सुर्खियां बन चुकी हैं। मंत्रियों में तुलसीराम सिलावट, बिसाहूलाल सिंह, एंदल सिंह कंषाना, गोविंद सिंह राजपूत, इमरती देवी, डॉ. प्रभुराम चौधरी, डॉ महेंद्र सिंह सिसोदिया, प्रद्युम्न सिंह तोमर, हरदीप सिंह डंग, राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, गिर्राज दंडोतिया, ओपीएस भदौरिया, बृजेंद्र सिंह यादव एवं सुरेश धाकड़ इन दिनों भाजपा नेताओं से गिले-शिकवे भुलाकर तालमेल बिठाने की कवायद में जुटे हैं।

उपचुनाव वाली 27 सीटें

डबरा, भांडेर, मेहगांव, गोहद, ग्वालियर, ग्वालियर पूर्व, मुरैना, दिमनी, करेरा, पोहरी, सुमावली, मुंगावली, अंबाह, बामोरी, बदनावर, सुरखी, हाटपिपल्या, अनूपपुर, सांची, अशोकनगर, सांवेर, सुवासरा, जौरा, आगर, बड़ा मलहरा, मांधाता एवं नेपानगर।

16 सीटों के लिए विशेष रणनीति, प्रभात झा को भेजा ग्वालियर

सत्ता और भाजपा संगठन के प्रमुख नेताओं ने ग्वालियर-चंबल संभाग की 16 सीटों के लिए विशेष रणनीति तैयार की है। समन्वय के लिए पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा को ग्वालियर में डेरा डालने को कहा गया है। ये सीटें प्रमुख रूप से पूर्व मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रभाव क्षेत्र की मानी जाती हैं। वर्चुअल मीटिंग में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, सिंधिया, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और संगठन महामंत्री सुहास भगत की मौजूदगी में इन सभी सीटों का फीडबैक लिया गया। मीटिंग में इस बात पर भी चर्चा हुई कि समन्वय और सभी को एकजुट रखने के लिए किसी वरिष्ठ नेता का वहां रहना आवश्यक है। इसके लिए झा को जवाबदारी निभाने को कहा गया।