कांग्रेस का ऊर्जामंत्री के बंगले पर प्रदर्शन, 500 कार्यकर्ता गिरफ्तार

कांग्रेस का ऊर्जामंत्री के बंगले पर प्रदर्शन, 500 कार्यकर्ता गिरफ्तार

ग्वालियर। बिजली कटौती के खिलाफ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा समर्थकों ने ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्नसिंह तोमर के बंगले का घेराव किया। ऊर्जामंत्री प्रद्युम्नसिंह तोमर और सुनील शर्मा के बीच कनेक्शन जोड़ने के लिए नसेनी देने का प्रयास किया लेकिन मंत्री की बात नहीं सुनी गई तो वे चले गए और पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करना शुरू कर दिया। इसे लेकर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झूमाझटकी भी हुई है। सुनील शर्मा का कहना है कि यह तो बानगी थी इससे बड़ा प्रदर्शन जल्द और किया जाएगा। 

रेसकोर्स रोड स्थित ऊर्जामंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के 38 नंबर बंगले पर उपनगर ग्वालियर के तीन ब्लॉकों के करीब पांच सैकड़ा से अधिक पार्टी कार्यकर्ताओं ने घेराव किया और रेसकोर्स रोड पर ही चक्काजाम कर दिया। ऊर्जामंत्री और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी खूब हुई। सुनील शर्मा ऊर्जामंत्री को नसेनी देने गए थे लेकिन ऐसा नहीं हो सका। उल्टे पुलिस ने चक्काजाम कर रहे कार्यकर्ताओं को उठाना शुरू कर दिया और बसों में बिठाने लगे। महिला कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के लिए महिला पुलिस भी वहां सक्रिय थी।

पुलिस को करना पड़ी मशक्कत

कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस को खासी मशक्कत करना पड़ी। चूंकि मामला राजनीतिक था और जोरजबरदस्ती के निर्देश भी नहीं थे इसलिए पुलिस ने समझाइश और जोरआजमाइश केबीच कार्यकर्ताओं को बसों में बिठा लिया। सुनील शर्मा के बस में पहुंचते ही अन्य कार्यकर्ता भी जल्द बसों में सवार हो गए।

प्रदर्शन करने वालों में विधायक सतीश सिकरवार, महाराज सिंह पटेल, चतुर्भज धनौलिया,मीनू परिहार, अमर सिंह माहौर,इंद्रजीत सिंह चौहान,सुरेन्द्र चौहान,पीपी शर्मा,राजेन्द्र नाती,मुनेन्द्र सिंह, राजू भदौरिया,राजेश खान, विकास जैन, सोनू राजावत,रतिराम यादव,सुरेन्द्र यादव,रमेश राजपूत, हिमांशु कुलश्रेष्ठ,बालकिशन राठौैर,लाला यादव, अशोक बग्गा, मोहित दीक्षि, जीतू चौहान सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

तीन बसें डीआरपी लाइन ले गए

तीन बसों में कार्यकर्ताओं को डीआरपी लाइन पहुंचाया गया लेकिन दो बसों के कार्यकर्ताओं को कैप्टन रूपसिंह स्टेडियम तक ले जाकर वहीं छोड़ दिया। सुनील शर्मा का कहना है कि पुलिस ने धरनास्थल से करीब पांच सैकड़ा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है जबकि पुलिस ने सिर्फ 100 संख्या बताई है। सुनील का कहना है कि हम तो कांग्रेस के समय की ऊर्जामंत्री को याद दिलाने गए थे तब वे नसेनी पर चढ़कर कटे हुए कनेक्शन जोड़ने का काम करते थे लेकिन अब स्वयं ऊर्जामंत्री हैं तो सबकुछ भूल गए। जिलाध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा का कहना है कि पुलिस ने हमारे कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी की है इसे लेकर आंदोलन तेज किया जाएगा।