बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस ने घेरा एसपी कार्यालय

बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस ने घेरा एसपी कार्यालय

जबलपुर। लोकतंत्र में जन-आंदोलन को कुचलना, आम जन मानस की अवाज को दबाना, संवेदनशील विषयों पर सत्ता पर बैठे लोगो का धृतराष्ट्र बनना, निश्चित ही ये स्वस्थ लोकतंत्र का परिचायक नहीं है। देश भक्ति जनसेवा का व्रत लेने वाले ही, जब सत्ता के इशारों पर कार्य करने लगे तो यह प्रतीत होने लगता है कि आप और आपका तंत्र किसी के इशारों में चल रहा है। पुलिस प्रशासन पर यह गंभीर आरोप शुक्रवार को एसपी कार्यालय के घेराव के दौरान कांग्रेस नेताओं ने व्यक्त किए। गत दिवस एनएसयूआई के पूर्व घोषित प्रदर्शन पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज की निंदा एक स्वर में कांग्रेस नेताओं ने की। इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष व महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू,विधायक लखन घनघोरिया,विनय सक्सेना के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित थे।

आकाओं को खुश करना चाहता है प्रशासन: लखन

इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस जनों को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री विधायक लखन घनघोरिया ने कहा निर्दोष छात्रों के ऊपर वर्बता पूर्ण लाठी चार्ज कर, नगर का शासन प्रशासन अपने प्रदेश के अकाओ को खुश करना चाहता है लेकिन वे इस बात को समझ लें कि छात्रों के आंदोलन को ना कभी कोई दवा सका है ना दवा सकेगा। छात्रों के आंदोलन में दिशा बदलने की क्षमता होती है।

ये रहे मौजूद

इस प्रदर्शन में उपरोक्त नेताओं के अतिरिक्त डॉ आलोक चंसौरिया, आलोक मिश्रा,चमन श्रीवास्तव, बाबू शंकर सोनकर, कौशल्या गोटिया, राशिद सुहेल सिद्दीकी, सम्मती सैनी, सौरभ शर्मा, अभिषेक चौकसे, जमुना मरावी, गीता शरद तिवारी, शिव यादव, सतीश तिवारी, सतीश उपाध्याय, राम जियन सिंह, जतिन राज सहित युवक कांग्रेस एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल, प्रकोष्ठ एवं विभाग के कांग्रेस जन उपस्थित रहे।

3 दिन में हो कार्रवाई: अन्नू

इसी क्रम में शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह अन्नु ने कहा कि तीन दिनों के अंदर अगर वीडियो फुटेज में दिख रहे दोषी अधिकारियों, पुलिस कर्मिर्यो पर एफ आई आर दर्ज हो और उन्हे निलम्बित करने की कार्यवाही नहीं की जाएगी तो कांग्रेस चरण बद्ध आंदोलन के लिए वाध्य होगी।

बर्बरता की सीमा लांघीं:विनय

इसी क्रम में विधायक विनय सक्सेना ने कहा की बर्बरता की सीमा को लांघ दिया है पुलिस प्रशासन ने हल्के बल प्रयोग से भी छात्रों को समझाया जा सकता था ,लेकिन हम कांग्रेस जनों को अंदेशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है यह सब प्रदेश की सत्ता इन अधिकारियों से ये अमानवीय कृत्य करा रही है, प्रदेश सरकार के इशारों पर इतनी बर्बरता की जा रही है जिसे कांग्रेस पार्टी कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।