कांग्रेसी समझते हैं बहन-बेटियों को अपने भोग विलास की वस्तु, ये उनका दुर्भाग्य : डॉ. यादव

कांग्रेसी समझते हैं बहन-बेटियों को अपने भोग विलास की वस्तु, ये उनका दुर्भाग्य : डॉ. यादव

ग्वालियर। लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए ग्वालियर आए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नारी शक्ति वंदन महिला सम्मेलन कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ-दिग्विजय सिंह को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि हम महिला और बेटियों को पूजते हैं। हम अपनी सरकारी योजनाओं की शुरूआत बहन बेटियों के नाम से करते हैं उनकी पूजा कर रहे हैं। लेकिन कमलनाथ आईफा अवार्ड कर मुंबई से अभिनेत्री ला रहे थे, ये इनका कर्म है। दिग्विजय सिंह बहन-बेटियों के लिए कितना गंदा बोलते हैं। इनको बहन-बेटियों के बजाय अपने भोग विलास की देवी लगती है, ये कांग्रेसियों का दुर्भाग्य है। वहीं बसपा जिलाध्यक्ष सुरेश बघेल ने भाजपा की सदस्यता ली।

सोमवार को थाटीपुर स्थित मैरिज गार्डन में आयोजित भाजपा महिला मोर्चा के नारी शक्ति सम्मेलन व वृंदावन गार्डन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने लाड़ली लक्ष्मी और लाडली बहन योजना बनाई। हम अपने शासकीय कार्यक्रमों की शुरूआत कन्याओं के पूजन के साथ करते हैं। कांग्रेस के लोग हमसे कहते हैं कि यह कर्मकांड क्यों कर रहे हो? सरकार में इसकी क्या जरूरत है? तुम्हारी कांग्रेस में तो सिर्फ गंदी भाषा ही बोली जाती है। मैं उस शब्द को कहूं तो भी मुझे पाप लगेगा। मैं हाथ जोड़कर बहन-बेटियों से कहना चाहता हूं आज का समय नारी वंदन का समय है? और हमारे यहां लक्ष्मी और ज्ञान की देवी सरस्वती का प्रणाम किया जाता है, उन्हें पूजा जाता है।

हमारी इतनी उज्ज्वल सनातन संस्कृति है, जिसे पूरा देश जानता है। आप सभी लोग शिवराज सिंह चौहान के लिए भी एक ताली बजाएं, क्योंकि उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी और लाड़ली बहनों का सम्मान बढ़ाया है। शिवराज सिंह चौहान के लिए लोग कह रहे थे कि वह पैसा लूट रहे हैं, बर्बाद कर रहे हैं। भाजपा जो निर्णय कर लेती है, उससे पीछे नहीं हटते है। जब से वोट पड़ा तब से कांग्रेस बोल रही कि अभी रुपए बंद हो जाएंगे। लेकिन तुम लोग (कांग्रेस) बोलते रहो, यह बंद होने वाले नहीं है। उन्होंने कहा कि राजमाता सिंधिया की यह नगरी है। इन्होंने जनसंघ के लिए बहुत कुछ किया। उन्होंने सरकार बदलकर उस दौर में नारी शक्ति को दिखाया था।

कल से नवरात्रि का प्रारंभ हो रहा है। नवरात्रि के प्रारंभ के लिए दुनिया के 200 से ज्यादा देश इंतजार कर रहे हैं। मातृशक्ति को जितने आत्म सम्मान के साथ देखा जाता है, उतना कहीं किसी देश मे नहीं देखा जाता है। इस अवसर पर लोकसभा प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह ने संबोधित किया। मौके पर उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा, संभागीय प्रभारी विजय दुबे, सांसद विवेक शेजवलकर, जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, पूर्व मंत्री माया सिंह, इमरती देवी, जय सिंह कुशवाह, सभापति मनोज तोमर, समीक्षा गुप्ता उपस्थित थे।

बदल रहा है ग्वालियर, हो रहे है विकास

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि आज ग्वालियर बदल रहा है ये सब सिर्फ भाजपा की सरकार के कारण हो रहा है। आज एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, सड़कें, अस्पतालों की जो हालत सुधरी है वह सिर्फ और सिर्फ भाजपा सरकार में ही संभव हो सका है। मैं मुख्यमंत्री से सिर्फ गुजारिश करूंगा कि औद्योगिक विरासत फिर से ग्वालियर में लौटाएं।

भाजपा ने बहनों को हमेशा प्राथमिकता दी

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भाजपा की केंद्र-प्रदेश सरकारों ने हमेशा से बहनों को प्राथमिकता दी है। नगरीय निकायों के चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया, तो वहीं अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घोषणा की है कि चुनावों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और यहां पर कार्यकर्ता ही प्रधानमंत्री बनता है, मुख्यमंत्री बनता है।