कोरोना : अमेरिका, ब्राजील के बाद मैक्सिको में सबसे ज्यादा मौतें

कोरोना : अमेरिका, ब्राजील के बाद मैक्सिको में सबसे ज्यादा मौतें

नई दिल्ली। दुनिया में कोरोनावायरस के संक्रमण से अब तक 1 करोड़ 78 लाख 42 हजार 937 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 12 लाख 24 हजार 759 मरीज ठीक भी हो चुके हैं। वहीं 6 लाख 84 हजार 469 की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े कोविड 19 डॉट ओआरजी के मुताबिक हैं।
अर्जेंटीना सरकार ने 16 अगस्त तक लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला किया है। राष्ट्रपति अल्बर्टो फर्नांडीज ने शुक्रवार को इसका ऐलान किया। देश में 20 मार्च को लॉकडाउन लगाया गया था।
जापान ने ओकिनावा आइलैंड पर इमरजेंसी लगाने का ऐलान किया है। यहां पर लोगों को हफ्ते तक घर से बाहर नहीं निकलने के लिए कहा गया है। यहां शुक्रवार को 71 नए मामले सामने आने के साथ संक्रमितों की संख्या 395 हो गई। 
रूस अक्टूबर से पूरे देश में वैक्सीन लगाने का कार्यक्रम शुरू करेगा। देश के स्वास्थ्य मंत्री मिखाइल मुराश्को ने शनिवार को यह बात कही। 
मैक्सिको में शुक्रवार को 8458 मौतें हुई। अब यहां संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 46 हजार 688 हो गया। मैक्सिको ने मौत के मामले में अब ब्रिटेन को पीछे छोड़ दिया है। अमेरिका और ब्राजील के बाद मैक्सिको दुनिया में तीसरा देश बन चुका है, जहां कोरोना से सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। वहीं, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने शुक्रवार को कहा कि देश में फिलहाल पाबंदियों में राहत नहीं दी जाएगी। यहां शनिवार से पाबंदियों में कुछ छूट दी जानी थी। उन्होंने कहा कि महामारी से बचाव के नियम दो हफ्तों तक बरकरार रहेंगे। ब्रिटेन के कुछ हिस्सों में नए मामले सामने आने के बाद यह फैसला किया गया है। 
पेरू की सरकार ने बढ़ते संक्रमण को देखते हुए इमरजेंसी 31 अगस्त तक बढ़ा दी है। राष्ट्रपति मार्टिन विजकारा ने शुक्रवार को इससे जुड़ा आदेश जारी किया। 
ब्राजील में 24 घंटे में 52 हजार 383 नए मामले सामने आए हैं। यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 26 लाख 62 हजार 485 हो गई है। देश में मृतकों की संख्या 92 हजार 475 हो गई है।