इंदौर में मास्क को लेकर निगमकर्मियों का महिला से विवाद

इंदौर में मास्क को लेकर निगमकर्मियों का महिला से विवाद

इंदौर। मास्क को लेकर निगम की चालानी कार्रवाई में एक बार फिर विवाद हो गया है। नया विवाद शुक्रवार रात एक महिला के मास्क नहीं पहनने को लेकर हुआ। पाटनीपुरा चौराहे पर निगमकर्मियों ने चालानी कार्रवाई के लिए महिला को रोका। महिला का कहना था कि उसे शुगर की दिक्कत है, इसलिए थोड़ी देर के लिए मास्क हटाया है। फिर भी चालान बनाने पर महिला की निगमकर्मियों से बहस हो गई। इसके बाद वहां खड़े लोगों ने नगर निगम की बिना नंबर की गाड़ी पर सवाल उठाकर उसका चालान बनाने को कहा। उनका कहना था कि नगर निगम खुद नियम का पालन नहीं कर रहे हैं और आम जनता को परेशान कर रहे हैं।

मामले में स्थानीय लोगों का कहना है कि निगमवालों ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया और चालान बनाने लगे। जबकि निगम की गाड़ी पर ही नंबर नहीं है। इनका चालान कौन बनाएगा। वहीं, महिला का कहना है कि उन्हें शुगर की दिक्कत है, इसलिए थोड़ी देर के लिए मास्क निकाला था। विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस जवानों ने मामले को शांत कर सभी को रवाना किया।