दुष्कर्म के मामले में डीएनए लैब की पहली जांच रिपोर्ट निगेटिव

दुष्कर्म के मामले में डीएनए लैब की पहली जांच रिपोर्ट निगेटिव

ग्वालियर। प्रदेश की चौथी डीएनए लैब जो कि ग्वालियर में संचालित है, इसमें कई प्रकरणों के साक्ष्य की जांच पड़ताल की जा रही है। दुष्कर्म के मामले में इस लैब की पहली रिपोर्ट निगेटिव आई है। यह प्रकरण माधौगंज थाने का है, जिसमें पीड़िता ने दो लोगों के खिलाफ बुरी नीयत रखते हुए उसके साथ दुष्कर्म करने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उन्हें जेल भेज दिया था, इस प्रकरण में पुलिस ने रेप की पुष्टि के लिए कुछ साक्ष्य डीएनए परीक्षण के लिए भेजे थे, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। आपको बता दें कि ग्वालियर डीएनए लैब में यह रेप के मामले का पहला प्रकरण है जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।

माधौगंज थाना क्षेत्र के रथखाना में रहने वाले दर्शन रोहिरा व राजकुमार रोहिरा के खिलाफ बीती 1 नवम्बर को बलात्कार का मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें पीड़िता ने बताया था कि वह उनके घर पर काम करने जाती थी, तभी 23 अक्टूबर 2022 को राजकुमार रोहिरा ने महिला को पकड़ कर उसे हैवानियत का शिकार बनाया था। पीड़िता ने इस प्रकरण में आरोपियों द्वारा अप्राकृतिक सेक्स करने की शिकायत की थी। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में 6 दिसबंर व 12 दिसबंर को दोनों आरोपियों की गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेज दिया था। वहीं पुलिस ने मामले में चालान डायरी कोर्ट में पेश कर दी थी।

प्रकरण में न्यायालय से आरोप सिद्ध करने के लिए पीड़िता और आरोपियों के कुछ साक्ष्य डीएनए जांच के लिए भेजे गए थे, जिसमें फोरेंसिक लैब की जांच रिपोर्ट में मामला निगेटिव पाया गया। डीएनए लैब से हुई जांच में आरोपियों के दोषी पाए जाने के कोई सबूत नहीं मिले, जिसके बाद इस रिपोर्ट को माधौगंज थाना पुलिस को भेज दिया गया।

पहली रिपोर्ट निगेटिव

14 जनवरी को हुई प्रदेश की चौथी डीएनए लैब के शुभारंभ के बाद रेप के मामले में यह पहली रिपोर्ट जांची गई थी, जिसमें पीड़िता द्वारा आरोपियों के ऊपर लगाया इल्जाम जांच रिपोर्ट के हिसाब से गलत पाया गया।