दिग्विजय सिंह ने भावुक ट्वीट के जरिए सिंधिया से किया सवाल

दिग्विजय सिंह ने भावुक ट्वीट के जरिए सिंधिया से किया सवाल

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शनिवार को भावुक ट्वीट कर ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा है। सिंह ने ट्वीट में सिंधिया के भाजपा में शामिल होने से पहले के घटनाक्रम और लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा प्रत्याशी केपी यादव से मिली हार का जिक्र किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, महाराज आपको कांग्रेस ने जब इतना मौका दिया, तो फिर बिना सोनिया जी, राहुल जी और डॉ. मनमोहन सिंह जी से मिले बगैर आप कांग्रेस छोड़ भाजपा में क्यों चले गए। उन्होंने दूसरे ट्वीट में लिखा, जिसने आपको लोकसभा चुनाव में पराजित किया, क्या आपने हार स्वीकार कर दुश्मन के सामने आत्मसमर्पण नहीं कर दिया? बहादुर लोग तो ऐसा नहीं करते। सिंधिया के कर्जमाफी और सड़क पर उतरने के बयान का जिक्र करते हुए लिखा कि महाराज, भाजपा के कृषि मंत्री कमल पटेल कहते हैं, किसानों का कर्जमाफ करना पाप है। क्या आप सहमत हैं। कांग्रेस सरकार ने किसानों का कर्जमाफ करने की जो प्रक्रिया शुरू की थी, यदि शिवराज सिंह चौहान उसे पूरा नहीं करते हैं, तो क्या आप मप्र सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे।