खाद्य तेल आयात 23% बढ़कर 9.84 लाख टन

खाद्य तेल आयात 23% बढ़कर 9.84 लाख टन

नई दिल्ली। भारत का खाद्य तेल आयात फरवरी में 23 प्रतिशत बढ़कर 9,83,608 टन पर पहुंच गया। इसका मुख्य कारण रिफाइंड पामतेल के आयात में भारी वृद्धि होना है। उद्योग निकाय सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन आॅफ इंडिया ने सोमवार को यह जानकारी दी। पिछले साल इसी महीने में खाद्य तेल का आयात 7,96,568 टन रहा था। एसईए ने एक बयान में कहा कि फरवरी 2021 के 8,38,607 टन के आयात की तुलना में इस बार वनस्पति तेलों का कुल आयात बढ़कर 10,19,997 टन हो गया। कुल वनस्पति तेलों के आयात में खाद्य तेलों का आयात फरवरी, 2021 के 7,96,568 टन से बढ़कर इस बार 9,83,608 टन हो गया। रिफाइंड पाम तेल का आयात 6,000 टन से बढ़कर 3,02,928 टन हो गया। गैर-खाद्य तेल का आयात पिछले महीने घटकर 36,389 टन रह गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 42,039 टन था। एसईए ने कहा कि आरबीडी पामोलिन का आयात 21,601 टन से बढ़कर 5,19,450 टन हो गया। इसके उलट, कच्चे पाम तेल का आयात 24,89,105 टन से घटकर 15,62,639 टन रह गया। भारत आमतौर पर प्रतिमाह लगभग 1.75-2 लाख टन सूरजमुखी तेल का आयात करता है। रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष ने सूरजमुखी तेल की आपूर्ति को प्रभावित किया है। फरवरी, 2022 में लगभग 1,52,000 टन सूरजमुखी तेल भारत आया और मार्च, 2022 में समान मात्रा में सूरमुखी तेल आने की संभावना है।