पन्ना तक नर्मदा जल लाने के होंगे प्रयास, गुन्नौर कॉलेज में लगेगी साइंस क्लास: सीएम
677 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पन्ना जिले के गुन्नौर क्षेत्र में नर्मदा जल लाने के लिए तकनीकी परीक्षण करवाया जाएगा। जिले के नागरिकों को नर्मदा मैया का पानी उपलब्ध कराया जाएगा। गुन्नौर के महाविद्यालय में विज्ञान की कक्षाएं प्रारंभ की जाएंगी। इसके साथ ही स्थानीय कन्या विद्यालय के उन्नयन की कार्यवाही भी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को पन्ना जिले के गुन्नौर में जनदर्शन के बाद लाड़ली बहनों और नागरिकों को संबोधित किया। उन्होंने इस अवसर पर 677 करोड़ रुपए राशि के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन नगरीय निकायों को विकास कार्यों के लिए गुन्नौर, अमानगंज और देवेन्द्र नगर के लिए एक-एक करोड़ रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम में खनिज मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह, सांसद वीडी शर्मा और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
पूर्व सरकार ने लगाया योजनाओं को पलीता :
सीएम चौहान ने कहा कि पूर्व सरकार ने योजनाओं के क्रियान्वयन पर पलीता लगा दिया था। आज मध्यप्रदेश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। आगामी 30 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व है। बहनों को भाई का उपहार मिलने वाला है। 27 अगस्त को दोपहर 1:00 बजे महत्वपूर्ण फैसला लिया जाएगा। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के क्रियान्वयन पर राज्य सरकार ने 15 हजार करोड़ रुपए का प्रबंध किया है। लाड़ली बहनों का सम्मान इस योजना से बढ़ रहा है।