शिवराज V/S कमल नाथ पर फोकस रहेगा चुनाव

शिवराज V/S कमल नाथ पर फोकस रहेगा चुनाव

भोपाल। प्रदेश भाजपा चुनावी मोड में है। 24 सीटों पर उपचुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में चुनाव संचालन, प्रबंध समिति व 11 विस क्षेत्रों के पदाधिकारियों की अलग-अलग बैठक हुई। बैठक में उपचुनाव शिवराज वर्सेस कमल नाथ पर फोकस करने के साथ ही सिंधिया समर्थकों के साथ समन्वय बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा आदि मौजूद थे। दीपक जोशी सहित पार्टी से नाराज चल रहे नेता भी बैठक में शामिल हुए। बैठक में कहा गया कि उपचुनाव में शिवराज सरकार की उपलब्धियां और कमल नाथ सरकार की विफलताएं वोटरों तक पहुंचाना है। कांग्रेस छोड़कर जो लोग भाजपा में आए हैं, उनके साथ समन्वय बनाकर चलना है।

यूं ही कोई बेवफा नहीं होता

अशोक नगर से विधायक रहे जजपाल सिंह जज्जी ने कहा कि कांग्रेस की नीति-रीति अच्छी होती तो हमें कांग्रेस नहीं छोड़नी पड़ती। उन्होंने शायराना अंदाज में कहा, ‘यूं ही कोई बेवफा नहीं होता, कुछ तो वजह रही होगी।’ सिंधिया समर्थक विधायक कांग्रेस नेताओं से मिलते थे तो ऐसा लगता था मानो दुश्मन से मिल रहे हों, जबकि बीजेपी ने सिर्फ 3 महीने में ही अपना बना लिया है। इधर, पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने कहा कि पार्टी से अब उनकी कोई नाराजगी नहीं है।