पूर्व मंत्री दीपक जोशी का भाजपा से मोहभंग, थामेंगे कांग्रेस का हाथ

पूर्व मंत्री दीपक जोशी का भाजपा से मोहभंग, थामेंगे कांग्रेस का हाथ

भोपाल। भाजपा के दिग्गज आदिवासी नेता एवं अविभाजित मप्र के अध्यक्ष रहे नंदकुमार साय के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कैलाश जोशी के बेटे पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने भी भाजपा से बगावत कर दी है। उन्होंने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। पार्टी के बर्ताव से असंतुष्ट चल रहे जोशी 6 मई को औपचारिक तौर पर कांग्रेस जॉइन करेंगे। अगला चुनाव वह कांग्रेस के टिकट पर लड़ेंगे। जनसंघ- भाजपा के संस्थापक रहे पूर्व सीएम कैलाश जोशी के बेटे, तीन बार के विधायक और मंत्री रहे दीपक पिछला चुनाव हार गए थे। उनकी पारंपरिक हाटपिपलिया सीट पर कांग्रेस से भाजपा में आए मनोज पटेल काबिज हैं।

गत माह भाजपा नेता एवं खरगोन के पूर्व सांसद मकन सिंह सोलंकी ने भी कांग्रेस का दामन थाम लिया था। उन्होंने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता ली थी।

पहले जैसी नहीं रही भाजपा : जोशी

‘पीपुल्स समाचार’ से चर्चा में उन्होंने पुष्टि करते हुए कहा कि इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से चर्चा हो चुकी है। संभवत: 6 मई को वह कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उन्होंने कहा कि कैडर बेस भाजपा संगठन में अब पहले जैसी बात नहीं रही। हाटपिपलिया, बागली और खातेगांव सीट पर जोशी परिवार का अच्छा प्रभाव माना जाता है।