रिटायर्ड महिला कैप्टन से दो लाख रुपए की ठगी

रिटायर्ड महिला कैप्टन से दो लाख रुपए की ठगी

ग्वालियर। मैक्स इंडिया इंश्योरेंस कंपनी में पुरानी पॉलिसी में हेराफेरी कर कंपनी के कर्मचारी ने रिटायर्ड महिला कैप्टन के साथ दो लाख की ठगी कर दी। एक लाख रुपए तो उसने पॉलिसी के लिए जमा कराने के नाम पर लिए और 95 हजार रुपए का नुकसान एक अन्य पॉलिसी को सरेण्डर करने पर हुआ। मामले में शिकायत गोविन्दपुरी में रहने वाली रिटायर्ड महिला कैप्टन ने पुलिस से की है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

यूनिवर्सिटी थाना प्रभारी मनीष धाकड़ ने बताया कि गोविन्दपुरी कि रहने वाली मौसमी मुखर्जी पत्नी अभिषेक राणा आर्मी से रिटायर्ड कैप्टन है और कुछ समय पूर्व उन्होंने मैक्स लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में कुछ पॉलिसी की थी, जिसके बाद से उनके यहां पर कंपनी कर्मचारी अर्पित सक्सैना निवासी माधव नगर का आना जाना था। अर्पित ने खुद को रिलेशनशिप मैनेजर बताया था। बीती अप्रैल में उनके घर आकर कंपनी का सर्वर डाउन चल रहा है और किश्त के पैसे उसके खाते में ट्रांसफर करा दें तो वह उनके खाते में जमा करा देगा। उस पर विश्वास होने के कारण रुपए उसके खाते में ट्रांसफर करा दिए। इसके बाद वह उनके घर आया और बताया कि उनकी पॉलिसी काफी लंबे समय की है, अगर वह चाहे तो उसे अच्छे मुनाफे में कनवर्ट करा दे, जिससे उन्हें कम समय में ज्यादा लाभ मिलेगा। उसकी बातों में आने पर उन्होंने उसके बताए स्थान पर साइन कर दिए। साथ ही अपना मोबाइल नंबर उसकी पॉलिसी में दर्ज कर दिया, जिससे उसके पास पॉलिसी की जानकारी आना बंद हो गया।

कंपनी से मिला लेटर तब खुला मामला

सितम्बर 2022 में कंपनी के कर्मचारी उनके घर पर आए और बताया कि काफी समय से उनकी किश्त जमा नहीं हो रही है और आपका नंबर हर बार आपके पति रिसीव कर रहे हैं और सही जानकारी नहीं दी जा रही है। जब नंबर की जानकारी की तो पता चला कि वह नंबर तो अर्पित का है और अर्पित के बारे में पता चला कि वह तो मई में ही जॉब छोड़ चुका है। धोखाधड़ी का पता चलते ही पीड़िता थाने पहुंची और मामले की शिकायत की। पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।