33 देशों की 95 साइंस मूवी और एग्रो रोबोट के साथ बनेगा गिनीज रिकॉर्ड

33 देशों की 95 साइंस मूवी और एग्रो रोबोट के साथ बनेगा गिनीज रिकॉर्ड

IamBhopal भोपाल। में हो रहे आठवें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव का उपयोग प्रदेश के विद्यार्थियों का वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में किया जाएगा। 21 से 24 जनवरी तक मैनिट में केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय तथा विज्ञान भारती द्वारा किए जा रहे इस कार्यक्रम का स्थानीय स्तर पर मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा समन्वय किया जा रहा है। इस बारे में जानकारी देने के लिए गुरुवार को होटल लेकव्यू अशोक में प्रमुख सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी निकुंज श्रीवास्तव सहित केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद तथा विज्ञान भारती संस्था के पदाधिकारी उपस्थित थे। इंटरनेशल ईयर आॅफ मिलेट को लेकर एग्रो रोबोट को 1500 स्टूडेंट्स मिलकर एसेम्बल्ड करेंगे जिससे सीड सोकिंग के जरिए गिनीज बुक आॅफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जाएगा। इसके अलावा पंडित खुशीलाल आयुर्वेदिक महाविद्यालय कैंपस में 33 देशों की 95 विज्ञान फिल्में प्रदर्शित होंगी।

15 थीम होगी विज्ञान को लेकर

भारतीय कारीगरों की प्रौद्योगिकी पर केंद्रित: विलेज-वोकल फॉर - लोकल, वैचारिक आदान-प्रदान के लिए फेस टू फेस विथ न्यू फ्रांटियर्स इन साइंस, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, मेगा साइंस एंड टेक्नालॉजी एग्जीबिशन, न्यू एज टेक्नोलॉजी शो, साइंस थ्रू गेम्स एंड ट्वाइज, स्टार्टअप कॉनक्लेव, स्टेट साइंस एंड टेक्नालॉजी कांउसिल्स कॉनक्लेव, स्टूडेंट इनोवेशन फेस्टिवल, स्टूडेंट्स साइंस विलेज, मेंटरिंग एंड काउंसलिंग साइंटिफिक डिस्कशन जैसी 15 थीम शामिल हैं।

कैलाश खेर और इंडियन ओशन देंगे प्रस्तुति

अंतर्राष्ट्रीय स्तर के विज्ञान महोत्सव में इसरो के चेयरमैन एस. सोमनाथ, भारत बॉयोटेक के सीएमडी कृष्णा एल्ला सहित कई वैज्ञानिक सम्मिलित होंगे। समारोह में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, मप्र मेट्रो रेल कॉपोर्रेशन, जनजातीय कल्याण, स्कूल शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, आयुष, स्वास्थ्य, पर्यावरण, कुटीर एवं ग्रामोद्योग, कृषि, वन, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण तथा जल संसाधन विभाग द्वारा प्रदर्शनी लगाई जाएगी। 21 जनवरी की पार्श्व गायक कैलाश खेर, 22 को प्रदेश के कलाकार और 23 जनवरी को इंडियन ओशन रॉक बैंड प्रस्तुति दी जाएगी।

विकास की बात विज्ञान के साथ के नारे

विज्ञान के प्रचार-प्रसार के लिए जोश, जुनून और उत्साह का माहौल गुरुवार सुबह टीटी नगर स्टेडियम में देखने को मिला। मौका था, रन फॉर साइंस मैराथन का। मैराथन का उद्देश्य 8वें भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव से लोगों को जोड़ना था। स्कूल व कॉलेज से 1500 से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए। प्रतिभागी अपने हाथों में बैनर पोस्टर लिए दिखे जिस पर लिखा था, विकास की बात विज्ञान के साथ..., विज्ञान को जन-जन तक पहुंचना है, अंधविश्वास दूर भगाना है..., जैसे नारे लगे।