गर्मी का कहर राजस्थान के कई जिलों में पारा 40 डिग्री पार

गर्मी का कहर  राजस्थान के कई जिलों में पारा 40 डिग्री पार

नई दिल्ली। अभी मार्च का महीना खत्म नहीं हुआ और मई जैसी गर्मी का अहसास होने लगा है। मौसम विज्ञान विभाग द्वारा कुछ राज्यों में लू को लेकर चेतावनी जारी की गई है। उधर राजस्थान के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार चला गया है और उड़ीसा में भी तापमान के 42-45 डिग्री तक पहुंचने के आसार बन गए हैं। राजस्थान के कई हिस्से लू से जूझ रहे हैं और चुरू में तापमान 40 डिग्री के पार चला गया है। चुरू समेत चार जिलों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है। पिछले 24 घंटों में चुरू में अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री दर्ज किया गया। छह दिनों से चुरू में तापमान 40 डिग्री के निशान से ऊपर बना हुआ है और पिछले 24 घंटों के दौरान रात के तापमान में कोई खास बदलाव नहीं आया है।

ममता के आंचल से राहत की छांव

इस तस्वीर में तपती गर्मी में मां के साथ उसके बच्चे दिखाई दे रहे हैं। गर्मी तेज है , इससे बचने के लिए बच्चों ने अपनी मां के आंचल को अपनी छांव बना लिया। वायरल हो रही इस तस्वीर को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी सोनल गोयल ने शेयर किया है। उन्होंने कैप्शन लिखा, मां के कोमल आंचल से बड़ी छाया और कहीं नहीं।

भुवनेश्वर में तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने की आशंका

देश में भीषण गर्मी के प्रकोप के बीच नेशनल सेंटर फॉर एनवायरनमेंटल प्रेडिक्शन के अनुसार ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में 26 मार्च को तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड होने की आशंका है। विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार शहर में 26 मार्च को दिन का तापमान 42-45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं। इस बीच 22 और 25 मार्च को पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

अंडमान और निकोबार में भारी बारिश

पोर्ट ब्लेयर। उत्तरी अंडमान सागर पर बने दबाव के क्षेत्र के कारण अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में सोमवार को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तरी अंडमान सागर पर दबाव का क्षेत्र गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल गया और यह 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रμतार से उत्तर-उत्तरपूर्व की ओर बढ़ रहा है। दबाव का क्षेत्र अंडमान द्वीप पर पोर्ट ब्लेयर से करीब 110 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व में है।

राज्यसभा ने जताई चिंता

नई दिल्ली। राज्यसभा में सोमवार को सदस्यों ने मार्च महीने से ही गर्मी का प्रकोप शुरू होने पर चिंता जताई। भाजपा के विकास महात्मे ने मौसम विभाग द्वारा कुछ राज्यों में लू को लेकर जारी की गई चेतावनी का उल्लेख करते हुए कहा कि मार्च के महीने में ही लोग प्रचंड गर्मी का प्रकोप झेल रहे हैं। सभापमि एम वेंकैया नायडू ने भी मौसम में अचानक आए इस बदलाव पर चिंता जताई और कहा कि यह एक गंभीर मामला है। उन्होंने कहा, मार्च में इतनी गर्मी है तो आगे क्या होगा?