हनीट्रैप केस :ढाई साल बाद जेल से बाहर आई श्वेता विजय जैन

इंदौर/भोपाल।हनीट्रैप कांड की आरोपी श्वेता विजय जैन को मानव तस्करी के मामले में कोर्ट से आंशिक राहत मिल गई है। शुक्रवार को भोपाल कोर्ट ने उसे जमानत दे दी। इसके बाद ढाई साल से ज्यादा समय से इंदौर की सेंट्रल जेल में बंद श्वेता देर शाम जेल से बाहर आ गई। हनी ट्रैप कांड सामने आने के 7 दिन बाद इंदौर की पलासिया थाना पुलिस ने 24 सितंबर 2019 को श्वेता विजय जैन सहित अन्य के खिलाफ मानव तस्करी और अन्य धाराओं में अलग से एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस के अनुसार, हनी ट्रैप मामले की सबसे कम उम्र की आरोपी मोनिका यादव की तस्करी के आरोप श्वेता विजय जैन और अन्य पर लगाए गए हैं। श्वेता से पहले इसी मामले की एक अन्य महिला आरोपी आरती दयाल को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली थी। इसी आधार पर श्वेता विजय जैन को भी जमानत का लाभ दिया गया है। इसी मामले में तीसरा आरोपी अभिषेक अभी जेल में है।
बाहर आने के बाद पहली बात हनी ट्रैप केस पर कुछ नहीं कहूंगी, पहले परिवार से मिलना है
शुक्रवार रात 8 बजकर 40 मिनट पर श्वेता विजय जैन इंदौर की सेंट्रल जेल से जमानत पर बाहर आ गर्इं। बाहर निकलने के बाद पीपुल्स संवाददाता ने श्वेता विजय जैन से बातचीत की।
प्रश्न : हनी ट्रैप मामले में हाई प्रोफाइल लोगों का इन्वॉल्वमेंट है? क्या कहेंगी ?
उत्तर : मैं कुछ नहीं कहूंगी। बहुत दिनों बाद अपने परिवार से मिल रही हूं। मुझे अपने परिवार से मिलना है।
प्रश्न : हनी ट्रैप क्यों हुआ था ? उत्तर : मुझे नहीं मालूम।
प्रश्न : 2019 में पुलिस आपको यहां क्यों लेकर आई थी ?
उत्तर : यह तो उनसे पूछिए।
प्रश्न : क्या आपको गलत तरीके से फंसाया गया ?
उत्तर : मेरे वकील बात करेंगे।
प्रश्न : आप पर मोनिका की मानव तस्करी का आरोप है?
उत्तर : ये उनसे पूछिए। मैं बहुत दिन बाद अपनी फैमिली से मिल रही हूं।
प्रश्न : आप अपना पक्ष रखेंगी?
उत्तर : न्यायपालिका पर भरोसा है।