टनटनिया पहाड़ी पर भरभराकर गिरा मकान, महिला की हुई मौत

टनटनिया पहाड़ी पर भरभराकर गिरा मकान, महिला की हुई मौत

जबलपुर । अधारताल क्षेत्र में स्थित टनटनिया पहाड़ी पर शनिवार की अलसुबह एक मकान भरभराकर गिर गया जिसके नीचे एक परिवार दब गया। मलबे में दबने से एक महिला की मौत भी हो गई। इस प्रकार यह चौथी मौत प्रशासन के दस्तावेजों में दर्ज हुई है। जानकारी के अनुसार लगातार हो रही बारिश के चलते अधारताल स्थित टनटनिया पहाड़ी पर राजा बाबू की कुटी के पास सुबह करीब 4 बजे सोते परिवार पर मकान भरभराकर ढह गया। परिवार के 7 सदस्य मिट्टी के नीचे दब गए। मकान गिरने की आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने परिजनों को बाहर नि काला। जिसमें से एक महिला की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची अधारताल पुलिस ने पंचनामा करते हुए मर्ग कायम किया और शव को पीएम के लिए भिजवाया। यहां पर अकबर अंसारी 45 साल अपनी पत्नी फरीदा बी, बच्चे आसिफ,आरिफ, फिजा, फलक और फरीन के साथ कच्चा मकान बनाकर रह रहे थे। सुबह जब सभी लोग सो रहे थे तो मकान का पिछला हिस्सा की दीवार गिरी और कुछ ही देर में पूरा मकान गिर गया। हादसे में फरीदा बी पर मकान का ज्यादातर मलबा गिरा जिससे उनकी मौत हो गई। अकबर के पैर व कंधे में चोटें आर्इं। गनीमत रही कि बच्चों को किसी तरह की चोट नहीं आ पाई।

पाटन में भी गिरा मकान, 1 की मौत

मकान गिरने का सिलसिला ग्रामीण क्षेत्रों में भी जारी है। पाटन के पास स्थित धनेटा गांव में एक कच्चा मकान गिरने से एक व्यक्ति की दबकर मौत हो गई है। बताया जाता है कि धनेटा गांव में 45 वर्षीय गनपत सिंह अपने परिवार के साथ घर पर था कि सुबह 9 बजे अचानक उसका मकान भरभराकर गिर गया जिसमें वह दब गया। उसके दो बेटे व बेटी घर के बाहर होने से बच गए। ग्रामीणों क ी सहायता से जब तक गनपत को निकाला जाता उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार कर शव को पीएम के लिए भिजवाया।