मुझसे कहा गया था चुप रहोगे तो राष्ट्रपति बना दिए जाओगे

मुझसे कहा गया था चुप रहोगे तो राष्ट्रपति बना दिए जाओगे

जींद। मेघालय के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने उन्हें राष्ट्रपति पद का लालच दिया और कहा था कि चुप रहोगे तो राष्ट्रपति बना दिए जाओगे। मलिक ने केंद्र सरकार पर तीन कृषि कानूनों को निरस्त करने के बाद किसानों से किए गए वादों को पूरा नहीं करने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के रूप में मेरा कार्यकाल अगले छह से सात महीनों में खत्म हो जाएगा। उसके बाद मैं उत्तर भारत के सभी किसानों को एकजुट करने के लिए एक आउटरीच अभियान शुरू करूंगा। वहीं उन्होंने किसान आंदोलन के दौरान लाल किले पर निशान साहिब फहराए जाने को सही ठहराते हुए कहा कि इसमें कुछ भी गलत नहीं था। मलिक ने किसानों से आह्वान किया कि वे सत्ता बदलने और किसानों की सरकार बनाने के लिए एकजुट हों। वहीं मलिक ने दावा किया कि भाजपा में उनके कुछ दोस्तों ने उनसे कहा कि अगर उन्होंने किसानों के विरोध के पक्ष में बात नहीं की तो उन्हें राष्ट्रपति पद के लिए पदोन्नत किया जाएगा।