सर्वश्रेष्ठ निबंध लेखन में जबलपुर के अक्षत देश में प्रथम

सर्वश्रेष्ठ निबंध लेखन में जबलपुर के अक्षत देश में प्रथम

जबलपुर। ख्रुश रहो और खूब तरक्की करो अक्षत... ये शुभकामनाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को जबलपुर के छात्र अक्षत पांडे को दी। अक्षत केंद्रीय सतर्कता आयोग द्वारा आयोजित एक निबंध लेखन प्रतियोगिता में देश भर में प्रथम आए हैं। प्रतियोगिता सभी सीबीएसई स्कूलों के लिए आयोजित की गई थी। इसका विषय भ्रष्टाचार मुक्त भारत- विकसित भारत था। इस अवसर पर अक्षत को पीएम ने स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। अक्षत ने बताया कि पीएम ने पुरस्कार देते हुए कहा कि पांच लोगों को मिलने वाले पुरस्कार में तुम अकेले लड़के हो, यहां भी पुरुषों की भागीदारी 20 प्रतिशत ही है। अक्षत के पिता राधाकृष्ण पांडे लिटिल वर्ल्ड स्कूल में शिक्षक हैं। अक्षत इसी स्कूल के छात्र हैं।

सॉफ्ट वेयर इंजीनियर बनना चाहते हैं अक्षत

लिटिल वर्ल्ड स्कूल में अंग्रेजी माध्यम के 12 वीं कक्षा के छात्र अक्षत ने पीपुल्स समाचार से चर्चा करते हुए बताया कि वे देश के सबसे अच्छे सॉफ्ट वेयर इंजीनियर बनना चाहते हैं। इसके लिए वे तैयारी भी कर रहे हैं। वे दोनों ही भाषा अंग्रेजी और हिन्दी में निबंध लिख सकते हैं। इतने बड़े स्तर पर उन्होंने पहली बार प्रतियोगिता में हिस्सा लिया है। उन्होंने कहा कि वे टॉपर होंगे और पीएम से पुरस्कार प्राप्त होगा यह उनके लिए सरप्राइज रहा।

साढ़े सात लाख छात्रों में नंबर-1 आए अक्षत

निबंध प्रतियोगिता में देशभर से साढ़े सात लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल थे। इसमें अक्षत ने पहले अपने स्कूल, इसके बाद भोपाल जोन में प्रथम स्थान हासिल किया और अब देश के पांच छात्र-छात्राओं में वे एक मात्र लड़के हैं, जो नंबर-1 पर आए हैं, शेष चार छात्राएं है। अक्षत की उपलब्धि पर लिटिल वर्ल्ड विद्यालय की संरक्षिका अंजलि दुबे, सीईओ चित्रांगी अय्यर, प्राचार्या परिधी भार्गव एवं प्रधानाध्यापिका सविता अदलखा ने शुभकामनाएं दी हैं।