भारत जी-20 देशों में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है : पीएम मोदी

भारत जी-20 देशों में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है : पीएम मोदी

हैदराबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि भारत जी-20 देशों में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। उन्होंने कहा कि भारत ने स्टार्टअप के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराया है और कई अन्य उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने यहां इंडियन स्कूल आॅफ बिजनेस (आईएसबी) के स्नातक छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले साल देश ने रिकॉर्ड मात्रा में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश हासिल किया। मोदी ने कहा आज भारत जी-20 में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है। भारत इंटरनेट उपयोगकर्ताओं के मामले में दूसरे स्थान पर है। वैश्विक खुदरा सूचकांक में भारत दूसरे स्थान पर है। भारत में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप परिवेश है। ऐसी कई उपलब्धियां हैं। उन्होंने आगे कहा कि आज दुनिया देख रही है कि भारत का मतलब व्यापार है और यह न केवल सरकार की उपलब्धि है, बल्कि युवाओं और आईएसबी जैसे संस्थानों के स्नातकों की भी उपलब्धि है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉम’ इस मंत्र ने देश के शासन को फिर से परिभाषित किया है। उन्होंने कहा कि भारत ने 100 से अधिक देशों को कोविड-19 का टीका भेजा है।

मूडीज ने भारत की आर्थिक वृद्धि दर को घटाया

साख निर्धारण करने वाली मूडीज इनवेस्टर्स सर्विस ने गुरुवार को ऊंची महंगाई दर का हवाला देते हुए 2022 के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान को घटाकर 8.8 प्रतिशत कर दिया। इससे पहले इसके 9.1 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया गया था। वर्ष 2022- 23 के लिये वृहद वैश्विक परिदृश्य का अद्यतन करते हुए मूडीज ने कहा कि निर्यात, जीएसटी, माल ढुलाई जैसे आंकड़ें बताते हैं कि दिसंबर, 2021 की तिमाही से वृद्धि ने गति पकड़ी है और यह इस साल पहले चार महीने जारी रही। हालांकि, कच्चे तेल, खाद्य और उर्वरक के दाम में तेजी से घरों की वित्तीय स्थिति और आने वाले महीनों में खर्च पर असर पड़ेगा। ऊर्जा और खाद्य मुद्रास्फीति को काबू में रखने के लिए नीतिगत दर में वृद्धि से मांग में सुधार की गति धीमी पड़ेगी। मूडीज ने कहा, हमने वर्ष 2022 के लिये भारत की आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान को घटाकर 8.8 प्रतिशत कर दिया है।